1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ऑगस्टा वेस्टलैंड केस: कई शहरों में छापे मार ED ने जब्त किए 86 करोड़ रुपये के शेयर

ऑगस्टा वेस्टलैंड केस: कई शहरों में छापे मार ED ने जब्त किए 86 करोड़ रुपये के शेयर

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने वीवीआईपी हेलीकाप्टर सौदा मामले में मनी लांड्रिंग जांच के सिलसिले में ताजा कार्रवाई करते हुए 86 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर आज जब्त किये।

augusta westland- India TV Hindi
augusta westland

नई दिल्ली: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने वीवीआईपी हेलीकाप्टर सौदा मामले में मनी लांड्रिंग जांच के सिलसिले में ताजा कार्रवाई करते हुए 86 करोड़ रुपये के शेयर आज जब्त किये। जांच एजेंसी का आरोप है कि ये शेयर इटली से हेलीकाप्टरों की खरीद में दो बिचौलियों से मिली रिश्वत की राशि से खरीदे गये थे।

ईडी ने दिल्ली, मुंबई और हैदराबाद में कम-से-कम 10 परिसरों की पिछले हफ्ते तलाशी के बाद शेयर जब्त करने के निर्णय किए थे।
प्रवर्तन निदेशालय ने एक बयान में कहा कि मामले की जांच के दौरान पता चला है कि 2.8 करोड़ यूरो (करीब 214 करोड़ रुपये) गुइडो हाश्के तथा कार्लो गेरोसा को ट्यूनीशिया स्थित कंपनी के जरिये दिये गये थे। दोनों 3,600 करोड़ रुपये के सौदे में कथित तौर पर बिचौलिये थे।

बाद में 1.24 करोड़ यूरो (95 करोड़ रुपये) तीन भारतीय कंपनियों को दिये जाने से पहले मारीशस, दुबई, सिंगापुर स्थित कंपनियों को दिये गये। भारतीय कंपनियों ने इस कोष से शेयरों की खरीद की।
अधिकारियों के अनुसार एजेंसी ने तलाशी के बाद कई दस्तावेज तथा कंप्यूटर हार्डवेयर जब्त कर लिए है।

शेयरों को मनी लांड्रिंग निरोधक कानून के तहत जब्त किया गया है। ईडी ने अपनी जांच के सिलसिले में हाल ही में ब्रिटिश नागरिक तथा सौदे में कथित बिचौलिया क्रिश्चियन माइकल जेम्स के मामले में ताजा आरोपपत्र दर्ज किया है।

Latest India News