नई दिल्ली: दिल्ली में टैक्सी और ऑटोरिक्शा यूनियन ने महानगर में कैब आधारित सेवा पर लगाम कसने की अपनी मांग नहीं माने जाने की स्थिति में 15 मार्च से दो दिनों की हड़ताल पर जाने की धमकी दी है।
दिल्ली ऑटोरिक्शा संघ और दिल्ली प्रदेश टैक्सी यूनियन ने आज दिल्ली के परिवहन मंत्री गोपाल राय से मुलाकात की और एप्प आधारित सभी कैब सेवाओं पर रोक लगाने की मांग करते हुए कहा कि वे परंपरागत काली-पीली टैक्सी और ऑटोरिक्शा चालकों की आजीविका छीन रहे हैं।
दोनों संगठनों के महासचिव राजेन्द्र सोनी ने धमकी दी है कि अगर सरकार उनकी मांग पर तुरंत ध्यान नहीं देती है तो सभी टैक्सी और ऑटोरिक्शा 15 और 16 मार्च को हड़ताल करेंगे। राजधानी में करीब 13 हजार काली-पीली टैक्सी और करीब 81 हजार ऑटोरिक्शा है।
सोनी ने कहा, ‘एप्प आधारित टैक्सी सेवाओं से हमारे व्यवसाय पर असर हो रहा है और हम चुप नहीं बैठ सकते। सरकार को एप्प आधारित कैब पर रोक लगानी चाहिए क्योंकि वे नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं।’ दिल्ली सरकार को लिखे पत्र में सोनी ने कहा कि ऑटोरिक्शा और टैक्सी को मामूली कारणों से जब्त कर लिया जाता है जिससे चालकों को परेशानी होती है।
Latest India News