गुड़गांव: दिल्ली से सटे साइबर सिटी गुड़गांव में बेकरी की दुकान में भयंकर आग लग गयी। आग ने देखते ही देखते पूरी चार मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। इससे लाखों का सामान जलकर खाक हो गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 8 से 10 गाड़ियां मौके पर पहुंची. फिलहाल आग के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
घटना मंगलवार शाम करीब सात बजे की है। गुड़गांव के सबसे पुराने और सबसे बड़े बाजार सदर बाजार में एक बेकरी की दुकान में भयंकर आग लग गयी। यह दुकान बाजार के बीचोबीच है। आग तीसरी मंजिल पर लगी थी। बेकरी में केक और सजावट के लिए प्लास्टिक के बने सामान और खिलौने थे। इसीलिए आग धधक धधक कर फैलती रही और देखते ही देखते ही इसने पूरी चार मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 8 से 10 गाड़ियां मौके पर पहुंची। इसके बाद एक घंटे के अंदर ही आग पर काबू पा लिया गया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
लाखों का सामान जलकर स्वाहा
आग लगने से बेकरी में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया। हालांकि अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Latest India News