नई दिल्ली: दक्षिणी-पूर्वी दिल्ली के बदरपुर इलाके से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यहां पानी के कुछ छींटे चेहरे पर पड़ जाने की वजह से नाई की दुकान चला रहे दुकान के मालिक ने एक युवक का मर्डर कर दिया। रविवार दोपहर को हुई इस घटना के बाद पुलिस ने आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया है।
देश-विदेश की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
खबर के मुताबिक, बदरपुर इलाके में स्थित एक नाई की दुकान पर आए पवन नाम के युवक ने अपने बाल संवारने के लिए सिर पर पानी मारा। इस दौरान पानी के कुछ छींटे पास में खड़े दुकान मालिक नवमी ठाकुर के चेहरे पर पड़ गए। इसके बाद दोनों में बहस शुरू हुई जो देखते-देखते हाथापाई तक पहुंच गई। दुकान मालिक ने अचानक पास में रखी बाल काटने वाली कैंची उठाई और युवक के सीने में दे मारी। यह हमला इतना घातक था कि 20 वर्षीय पवन बुरी तरह घायल हो गया। आरोप है कि इस घटना में दुकान मालिक के भाई रघुबीर ने भी उसका साथ दिया। जब नवमी ने युवक को कैंची मारी तब रघुबीर ने उसे पकड़ रखा था।
पढ़ें: इंफोसिस की महिला कर्मचारी की दफ्तर के भीतर हत्या
घटना के वक्त मौके पर मौजूद भीड़ इस वाकये से बुरी तरह बौखला गई और पुलिस को कॉल करने के बाद दुनकानदार के साथ-साथ उसके भाई की पिटाई कर डाली। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल पवन को एक अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या के आरोपी दोनों भाइयों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। जब आरोपियों से बात की गई तो उनका कहना था कि गुस्से में कैंची मार दी, और इस बात का उन्हें अफसोस है। राजधानी में छोटी-छोटी बातों को लेकर मर्डर हो जाने की यह पहली वारदात नहीं है। इससे पहले भी कई बार ऐसी खबरें आ चुकी हैं।
Latest India News