नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने बाटला हाउस मुठभेड़ को फर्जी बताया था। इसी के विरोध में यह प्रदर्शन किया गया। भाजपा नेता सतीश उपाध्याय ने कहा, "कांग्रेस, खासकर सोनिया गांधी का हमेशा दोहरा चरित्र रहा है। जब बाटला हाउस मुठभेड़ हुई तो कांग्रेस नेता ने मुठभेड़ को फर्जी कहा था। "
उपाध्याय ने कहा, "हम चाहते हैं कि सोनिया गांधी माफी मांगें। कांग्रेस को देश को बांटने की राजनीति नहीं करनी चाहिए।"
दिल्ली भाजपा के मीडिया समन्वयक प्रवीण शंकर कपूर ने कांग्रेस से मुठभेड़ को 'सरकार रचित' करार देने के लिए माफी मांगने की मांग की।
वर्ष 2008 में 19 सितंबर को बाटला हाउस मुठभेड़ इंडियन मुजाहिदीन के आतंकियों के खिलाफ हुई थी। वे दिल्ली के जामिया नगर इलाके के एक घर में छिपे हुए थे। उस मुठभेड़ में दो संदिग्ध आतंकी मारे गए थे और दो अन्य संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार किए गए थे। उस समय कांग्रेस के नेतृत्ववाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की सरकार थी।
मुठभेड़ का नेतृत्व कर रहे पुलिस इंस्पेक्टर मोहन चंद शर्मा उस मुठभेड़ में शहीद हो गए थे।
पिछले हफ्ते कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह से अपने पुराने वाले रुख को दोहराते हुए कहा था कि बाटला हाउस मुठभेड़ फर्जी थी।
हाल में एक टेलीविजन चैनल पर एक वीडियो फुटेज दिखाया गया जिसमें दावा किया गया कि बाटला वारदात के दिन भागने में सफल रहने वाला बड़ा साजिद नाम का संदिग्ध, आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) के इस वीडियो में नजर आ रहा है।
Latest India News