नई दिल्ली: आतंकी संगठन आईएसआईएस की ओर से हाल में जारी एक नए वीडियो में इंडियन मुजाहिदीन के दो आतंकियों की पहचान हुई है। इस वीडियो में नजर आ रहे दोनों आतंकी बाटला हाउस मुठभेड़ के संदिग्ध हैं। ये दोनों आतंकी इंडियन मुजाहिदिन के भगोड़े हैं और दोनों आतंकियों के खिलाफ मुकदमा चलाने की मांग की गई थी। नेशनल इनवेस्टिगेशन एजेंसी(एनआईए) और खुफिया एजेंसियों के सूत्रों ने अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस को ये जानकारी दी है।
सूत्रों के मुताबिक यूपी पुलिस द्वारा उनके परिवारवालों से बात करने पर अबु राशिद अहमद और मोहम्मद बड़ा साजिद की पहचान हुई है। दोनों आतंकी आजमगढ़ के रहने वाले हैं। राशिद बटला हाऊस एनकाउंटर के बाद से फरार है जबकि साजिद अहमदाबाद और जयपुर ब्लास्ट में शामिल था। दोनों संदिग्ध आतंकी साल 2008 के बाटला हाऊस कांड के बाद से फरार चल रहे हैं। दोनों आतंकियों के वीडियो में कथित तौर पर दिखने के बाद सियासत तेज हो गई है।
साजिद और राशिद यूपी के आजमगढ़ के संजारपुर के रहने वाले हैं। अब वीडियो सामने आने के बाद से सुरक्षा एजेंसियां उसकी तस्दीक में जुट गई हैं। शुरुआती जांच में सुरक्षा एजेंसियों को वीडियो में साजिद की मौजूदगी के ठोस प्रमाण नहीं मिले हैं। इन दोनों आतंकियों की पुरानी तस्वीरें राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के पास है। आईएसआईएस के वीडियो में नजर आने के बाद एजेंसियों ने दावा किया है कि ये दोनों संभवत: वही हैं।
बीते हफ्ते जारी बाबरी, कश्मीर, गुजरात और मुजफ्फरनगर का बदला लेने वाला वीडियो दक्षिण-एशिया जिहादियों पर आधारित आईएस का पहला वीडियो है। इस वीडियो में महाराष्ट्र में ठाणे के इंजीनियर के छात्र रहे अमन टंडेल का इंटरव्यू भी दिखाया गया है। साथ ही इस डॉक्यूमेंट्री में उसके दोस्त शाहीम टंकी और फहाद शेख की कुछ तस्वीरें भी हैं। इस वीडियो में अबु राशिद भारत में मुस्लिम विरोधी सांप्रदायिक हिंसा के खिलाफ बदला लेने की बात कह रहा है।
Latest India News