भदोही: उत्तर प्रदेश के भदोही में एक भीषण हादसे में 8 स्कूली बच्चों की मौत हो गई जबकि 10 बच्चे बुरी तरह से जख्मी हुए है। यह हादसा यहां माधोसिंह रेलवे स्टेशन के नजदीक मेहंदीपुर रेलवे क्रॉसिंग पर एक स्कूल वैन के ट्रेन से टकराने से हुआ। गंभीर रूप से घायल बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि टेंडर हार्ट स्कूल के छात्र-छात्राओं को ले जा रही स्कूल वैन कटका और माधोसिंह रेलवे स्टेशनों के बीच मानवरहित क्रॉसिंग संख्या-26 को पार कर रही थी कि तभी वाराणसी-इलाहाबाद पैसेंजर ट्रेन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर होते ही वैन के परखच्चे उड़ गए। हादसे में 8 स्कूली बच्चों की मौत हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने आगे आकर मदद की। तेज आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
रिर्पोट्स के अनुसार, इस क्रासिंग पर रेलवे ने ठेके पर एक गैंगमैन की ड्यूटी लगाई हुई हैं। बताया जा रहा हैं कि गैंगमैन ने वैन के ड्राइवर को रुरने का इशारा किया था, लेकिन ड्राइवर अपने कानों में ईयरफोन लगाए हुए था। जिसके कारण उसे सुनाई नहीं दिया और यह दर्दनाक घटना हो गई।
हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने वाराणसी-इलाहाबाद रेल मार्ग को बंद कर दिया। वैन का चालक भी बुरी तरह घायल है। सभी बच्चे 10 साल से कम उम्र के हैं। मौके पर पहुंचे आला अधिकारी ग्रामीणों को समझाने में जुटे हैं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस हादसे में कम से कम 8 बच्चों की मौत हो गई और इतने ही अन्य घायल हो गए। घायलों को काशी हिंदू विश्वविद्यालय के अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्यवाही शुरु कर दी है।
Latest India News