भिवंडी: जिले के भिवंडी शहर में एक डाई यूनिट जलकर राख हो गया। हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। ये आग सुबह चार बजे के करीब लगी जिसके तुरंत बाद ही मौके पर फायर ब्रिगेड की 12 गाड़ियां पहुंच गई और आग बुझाने में जुट गई। करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी।
भिवंडी निजामपुर सिटी नगर निगम के मुख्य अग्निशमन अधिकारी दत्ता सालवी ने कहा, सुबह तीन बजकर 40 मिनट पर आग लग गयी जिसमें एक निजी डाई यूनिट जलकर राख हो गया। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की कम-से-कम 12 गाडि़यों को लगाया गया जिसमें कुछ गाडि़यां ठाणे, उल्हासनगर, कल्याण और अंबरनाथ से मंगायी गयी थी।
उन्होंने कहा कि दो घंटे बाद आग पर काबू पा लिया गया और तापमान सामान्य करने की कोशिश की जा रही है। साल्वी के अनुसार एहतियात के तौर पर यूनिट से सटे चार मंजिला आवासीय इमारत को खाली करा लिया गया और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया।
Latest India News