नई दिल्ली: वक्त की कमी है और अगर आप अपनी उंगलियों को ज्यादा तकलीफ न देते हुए बस एक क्लिक में ही 15 अप्रैल की बड़ी हलचल के बारे में जानना चाहते हैं तो यह खबर आपके काम की है। यकीन मानिए हम आपको एक ही खबर में देश में होने वाली तीन बड़ी खबरों के बारे में बताएंगे। तो जानिए कल देश में क्या है खास।
राजधानी में ODD-EVEN फिर से:
दिल्ली सरकार सम-विषम योजना का दूसरा चरण शुक्रवार से शुरू करने के लिए पूरी तरह कमर कस चुकी है और इस सिलसिले में अगले 15 दिनों तक रोजाना सड़कों पर 2000 यातायात कर्मी, 580 प्रवर्तन अधिकारी एवं 5000 से अधिक नागरिक रक्षा स्वयंसेवक तैनात किए जाएंगे। परिवहन मंत्री गोपाल राय ने गुरुवार को कहा, एक प्रवर्तन योजना तैयार की गई है जिसके तहत शहर को इस योजना के क्रियान्वयन के लिए 11 क्षेत्रों में बांटा गया है। हर क्षेत्र में 10 उपक्षेत्र होंगे। हर उपक्षेत्र में एक सचल प्रवर्तन दल काम करेगा।
उन्होंने बताया कि एक प्रवर्तन योजना तैयार की गई है और दिल्ली परिवहन विभाग की प्रवर्तन शाखा के 588 अधिकारी इस योजना के दौरान विभिन्न दलों में बांटकर तैनात किए जाएंगे। सचल दल से आने वाले मामलों पर गौर करने के लिए 20 सदस्यीय विशेष कार्यबल बनाया गया है।
राय ने बताया कि प्रवर्तन टीमों के पास दस सूत्री चार्ट हैं जिसमें आईएसबीटी, रेलवे स्टेशनों, स्वास्थ्य संस्थानों, बड़े चौराहों, आईजीआई हवाई अड्डे के आसपास के क्षेत्र एवं भीड़भाड़ वाले भवन शामिल हैं। दिल्ली यातायात पुलिस के 2000 अधिकारी सड़कों पर रोजाना तैनात किए जाएंगे। यातायात विभाग ने शहर में 200 ऐसे चौराहों की पहचान की जहां उनके कर्मी टीमों में तैनात किए जाएंगे। वैसे टीम का आकार उन चौराहों पर यातायात की मात्रा के आधार पर तय होगा।
शाहरुख की फैन होगी रिलीज:
बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान के फैन के ऊपर बनी फिल्म फैन शुक्रवार को सिनेमाघरों में दस्तक दे रही है। सिर्फ एक गाने ‘जबरा फैन’ से सजी यह फिल्म शाहरुख के उन दीवानों को ज्यादा पसंद आएगी जो उनकी तरह बनने की तमन्ना रखते हैं या उनके सबसे बड़े फैन होने का दावा करते हैं।
दिल्ली में होगा IPL मैच:
राजधानी दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान में 15 अप्रैल यानी की शुक्रवार को दिल्ली डेयरडेविल्स और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच अहम मैच खेला जाएगा। ये दोनों ही टीमें अपने शुरुआती मैच हर चुकी हैं ऐसे में उनके लिए यह मैच काफी अहम होगा और दोनों टीमें हर हाल में जीत का खाता खोलना चाहेंगी। यह मैच रात में 8 बजे खेला जाएगा।
Latest India News