नई दिल्ली: अगर आपको शनिवार की बड़ी हलचलों की जानकारी चाहिए तो यह खबर आपके काम की है। शनिवार को राष्ट्रपति मुखर्जी नालंदा विवि में संबोधन देगें। इसके साथ ही कश्मीर के हालात के मद्देनजर महबूबा मुफ्ती पीएम मोदी से मुलाकात करेंगी। जानिए कल दिन की बड़ी खबरों के बारे में विस्तार से।
राष्ट्रपति पटना पहुंचे, नालंदा में संबोधन शनिवार को
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी अपने दो दिवसीय बिहार दौरे पर शुक्रवार की शाम पटना पहुंचे। राष्ट्रपति शनिवार को नालंदा विश्वविद्यालय के प्रथम दीक्षांत समारोह को संबोधित करेंगे और राजगीर में इसके परिसर की आधारशिला रखेंगे। राष्ट्रपति शुक्रवार शाम विशेष विमान से पटना हवाईअड्डा पहुंचे। यहां राज्यपाल रामनाथ कोविंद और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित कई मंत्रियों ने राष्ट्रपति का स्वागत किया। राष्ट्रपति पटना के जयप्रकाश नारायण हवाईअड्डे से सीधे राजभवन पहुंचे, जहां वह रात्रि विश्राम करेंगे।
राज्य के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शनिवार सुबह राष्ट्रपति हेलीकॉप्टर द्वारा पटना से राजगीर जाएंगे और वहां नालंदा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में अपना संबोधन देंगे। इस समारोह में राष्ट्रपति 12 छात्रों को सम्मानित करेंगे और दो छात्रों को स्वर्ण पदक देंगे। दीक्षांत समारोह में राज्यपाल और मुख्यमंत्री सहित कई गणमान्य लोग भी हिस्सा लेंगे। इसके बाद राष्ट्रपति राजगीर में विश्वविद्यालय भवन की आधारशिला रखेंगे।
राष्ट्रपति राजगीर से 12 बजे पटना हवाईअड्डा पहुंचेंगे और वहां से बेंगलुरू के लिए रवाना हो जाएंगे। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर पटना और नालंदा में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। नालंदा के कार्यक्रम स्थल पर तीन पुलिस अधीक्षक रैंक के अधिकारी के अलावा आठ पुलिस उपाधीक्षक और बड़ी संख्या में पुलिस के जवान तैनात रहेंगे।
महबूबा दिल्ली में, शनिवार को मोदी से मिलेंगी
जम्मू एवं कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती शुक्रवार शाम दिल्ली पहुंचीं। उम्मीद की जा रही है कि वह शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलेंगी और कश्मीर घाटी में हालात पर चर्चा करेंगी। दिल्ली में श्रीनगर के सरकारी सूत्रों ने कहा कि महबूबा मोदी से उनके 7 रेसकोर्स आवास पर मिलेंगी।
महबूबा की मोदी के साथ बैठक ऐसे समय में होगी, जब हाल ही में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह दो दिवसीय कश्मीर दौरे से लौटे हैं। हालांकि उनके दौरे के बावजूद कश्मीर में हालात जस के तस हैं और अलगाववादियों ने आंदोलन का रास्ता नहीं छोड़ा है।
कश्मीर में आठ जुलाई को हिजबुल कमांडर बुरहान वानी के मारे जाने के बाद से हिंसक प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शन की वजह से घाटी में जनजीवन अस्त-व्यस्त है और हिंसक प्रदर्शन में अब तक 70 लोगों की मौत हो चुकी है।
Latest India News