1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बिहार टॉपर्स घोटालाः SIT ने विवादित टॉपर रूबी राय को किया गिरफ्तार

बिहार टॉपर्स घोटालाः SIT ने विवादित टॉपर रूबी राय को किया गिरफ्तार

पटना: बिहार के टॉपर घोटाले में कई बार नोटिस देने के बाद पुनः परीक्षा देने पहुंती रूबी राय को एसआईटी ने गिरफ्तार कर लिया। विवादित टॉपर रूबी राय शनिवार को बोर्ड की ओर से आयोजित

rubi rai- India TV Hindi
rubi rai

पटना: बिहार में हुए बहुचर्चित टॉपर्स घोटाले में इस वर्ष 12वीं की परीक्षा में कला संकाय की टॉपर और बिशुनराय कॉलेज की छात्रा रूबी राय और बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) के पूर्व अध्यक्ष लालकेश्वर प्रसाद सिंह के निजी सचिव (पीए) रहे विकास चंद्रा को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। रूबी अपनी मेधा साबित करने के लिए बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) कार्यालय पहुंची थी।

पटना के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि टॉपर्स घोटाले की जांच में जुटी विशेष जांच दल (SIT) ने रूबी को बोर्ड कार्यालय से गिरफ्तार किया है। परीक्षा बोर्ड की ओर से विशेषज्ञों की टीम ने रूबी राय का साक्षात्कार लिया, जिसमें रूबी असफल साबित हुई। समिति के अधिकारियों के मुताबिक, रूबी सामान्य सवालों का भी जवाब नहीं दे पाई।

इससे पहले भी रूबी को कई बार नोटिस देकर बुलाया गया था लेकिन वह परीक्षा देने नहीं आई थी। 3 जून को आयोजित री-एग्जामिनेशन से भी वह स्वास्थ्य कारणों के चलते उपस्थित नहीं हुई थी। रूबी और अन्य चारों टॉपर्स के खिलाफ गिरफ्तारी के लिए वारंट भी जारी किए गए थे। इसी के चलते शनिवार को परीक्षा देने के बाद रूबी को एसआईटी ने बोर्ड कार्यालय से बाहर आते ही गिरफ्तार कर लिया।

गौरतलब है कि परीक्षा समिति ने सभी 14 टॉपर्स को तीन जून को इंटरव्यू और लिखि‍त परीक्षा के लिए बोर्ड कार्यालय बुलाया था। इसमें आर्ट्स टॉपर रूबी राय को छोड़कर सभी 13 टॉपर पहुंचे थे। रूबी ने तबीयत खराब होने को लेकर आवेदन दिया था और इंटरव्यू से छूट की मांग की थी।

हालांकि अब रूबी राय को लेकर बोर्ड की रणनीति यही थी कि बोर्ड के सामने ही दोबारा उसकी परीक्षा ली जाए। इसी निर्णय के चलते वह शनिवार को परीक्षा देने आई थी। फर्जी टॉपर मामले में पहले से ही इन छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज थी जिसके तहत रूबी को गिरफ्तार किया गया है।

Latest India News