क्योंझर (ओडिशा): ओडिशा में सत्ताधारी बीजद के एक विधायक को यहां एक बैठक के दौरान पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं ने हमला करके घायल कर दिया। पुलिस ने आज बताया कि तेलकोई विधायक बी नायक पर कल हरिचंदनपुर पुलिस थाना क्षेत्र के तहत आने वाले गुंडीचगहागी के पास एक ब्लॉक स्तरीय बैठक के दौरान हमला किया गया।
बैठक के दौरान दो व्यक्तियों के बीच किसी मुद्दे को लेकर बहस हो गई जिसको लेकर उनके और उनके समर्थकों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इस दौरान विधायक पर कुछ व्यक्तियों ने हमला कर दिया। नायक को पहले हरिचंदनपुर स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया और उसके बाद कटक स्थित एससीबी मेडिकल कालेज स्थानांतरित कर दिया गया।
घटना क्योंझर जिला अध्यक्ष आशीष चक्रवर्ती की मौजूदगी में हुई जो राज्य में अगले वर्ष के शुरू में होने वाले पंचायत चुनाव के लिए रणनीतियों पर चर्चा के लिए बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
घाटगांव के उप मंडल पुलिस अधिकारी एस टोपो ने बताया कि नायक की ओर से 12 व्यक्तियों के खिलाफ एक शिकायत दर्ज करा दी गई है और जांच जारी है।
Latest India News