इंदौर: वन रैंक, वन पेंशन की मांग को लेकर पूर्व सैनिक रामकिशन ग्रेवाल की खुदकुशी के मामले में केंद्र सरकार के खिलाफ राहुल गांधी के सियासी मोर्चा संभालने के बीच बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कांग्रेस उपाध्यक्ष की तुलना मशहूर टीवी कॉमेडियन कपिल शर्मा से की है।
(देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
विजयवर्गीय ने अपने हालिया ट्वीट में कहा, ''राहुल को जनता कॉमेडियन मानती है। अंतर बस यह है कि कपिल शर्मा की कॉमेडी देख लोग खुश होते हैं और राहुल को देख क्रोधित।'' बीजेपी महासचिव ने एक अन्य ट्वीट में कांग्रेस उपाध्यक्ष पर तीखा हमला करते हुए कहा, ''लाशों पर राजनीति करने वाली कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी ने देश को बता दिया कि खून की दलाली कैसे करते हैं।''
उधर, राहुल को लेकर किये गये ट्वीट पर कांग्रेस प्रवक्ता शोभा ओझा ने पलटवार करते हुए कहा, ''जब भी विजयवर्गीय को लगता है कि वह सियासी परिदृश्य में गुम हो रहे हैं, वह सस्ती लोकप्रियता हासिल करने की कोशिश में तुच्छ बयानबाजी पर उतर आते हैं।''
उन्होंने खून की दलाली वाले राहुल के विवादास्पद बयान का बचाव करते हुए इस कथन को मौजूदा हालात में उचित करार दिया और कहा, विजयवर्गीय को पहले अपनी पार्टी (बीजेपी) का आचरण देखना चाहिये, जो भारतीय सैनिकों की अनमोल शहादत की अनदेखी कर सर्जिकल स्ट्राइक के नाम पर अपनी पीठ थपथपा रही है और खुद की मार्केटिंग में जुटी है।
Latest India News