1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 110 किमी साइकिल चला विधानसभा पहुंचे BJP विधायक पवन सैनी

110 किमी साइकिल चला विधानसभा पहुंचे BJP विधायक पवन सैनी

चंडीगढ़: सत्तारूढ़ भाजपा के विधायक पवन कुमार सैनी साइकिल से करीब 110 किलोमीटर का सफर तय कर चंडीगढ़ स्थित हरियाणा विधानसभा पहुंचे। उन्होंने बेहतर स्वास्थ्य एवं पर्यावरण की सुरक्षा का संदेश देने के लिए ऐसा

pawan saini- India TV Hindi
pawan saini

चंडीगढ़: सत्तारूढ़ भाजपा के विधायक पवन कुमार सैनी साइकिल से करीब 110 किलोमीटर का सफर तय कर चंडीगढ़ स्थित हरियाणा विधानसभा पहुंचे। उन्होंने बेहतर स्वास्थ्य एवं पर्यावरण की सुरक्षा का संदेश देने के लिए ऐसा किया। 45 साल के सैनी कल विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन कुरूक्षेत्र जिले स्थित अपने निर्वाचन क्षेत्र से विधानसभा पहुंचे। उनके साथ दस दूसरे पार्टी कार्यकर्ता थे। वे सभी साइकिल से आए।

सैनी ने कहा, ‘हम सुबह पांच बजकर 20 मिनट पर कुरूक्षेत्र से निकले और करीब 110 किलोमीटर का सफर तय कर दोपहर एक बजकर 45 मिनट पर चंडीगढ़ पहुंचे। जब हम विधानसभा के पास पहुंचे तो सुरक्षा अधिकारियों ने हमें रोक दिया लेकिन जब मैंने उन्हें बताया कि मैं एक विधायक हूं तो मेरे साथ मौजूद अपने दस साथी पार्टी कार्यकर्ताओं के विधानसभा के द्वार तक मेरे साथ जाने की मंजूरी मांगी तो उन्होंने हमें जाने दिया।’

लाडवा के विधायक ने कहा, ‘साइकिल चलाना ना केवल स्वास्थ्य के लिए अच्छा है बल्कि पर्यावरण के अनुकूल भी है।’ पहली बार विधायक बने सैनी ने कहा, ‘व्यस्त कार्यक्रम के कारण हमें व्यायाम करने का कम समय मिलता है। सुबह से ही लोग मिलने आने लगते हैं। आप उनसे नहीं कह सकते कि मुझे व्यायाम में एक घंटा लगेगा और मैं बाद में मिलूंगा। पिछले कुछ महीने में मेरा रक्तचाप भी बढ़ गया। फिर मुझे लगा कि क्यों नहीं साइकिल चलाना शुरू करूं।’

उन्होंने कहा, व्यस्त कार्यक्रम और तनावपूर्ण जिंदगी के साथ कम उम्र में ही लोगों को दिल की बीमारी सहित विभिन्न प्रकार की बीमारियां हो रही हैं। सैनी ने कहा, हमारे देश में मधुमेय के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। मुझे लगता है कि हम सब को अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देनी चाहिए। ज्यादा से ज्यादा लोगों को साइकिल चलाने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए, कम से कम आसपास के इलाके में। जो विधायक और सांसद साइकिल चला सकते हैं, उन्हें इसका इस्तेमाल करना चाहिए।

Latest India News