सीहोर: मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले के नेपानगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक राजेन्द्र दादू की आज इन्दौर भोपाल मार्ग पर आष्टा और सीहोर के बीच सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये।
भाजपा विधायक प्रदेश में 11 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव के सिलसिले में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निवास पर आज भाजपा विधायकों की एक अहम बैठक में शामिल होने कार से भोपाल आ रहे थे। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे में विधायक की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही सीहोर जिले के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गये।
मध्यप्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री और मंत्रिपरिषद के प्रवक्ता डॉ नरोत्तम मिश्रा ने भाजपा विधायक दादू की सड़क हादसे में मौत की पुष्टि की। दादू बुरहानपुर जिले की नेपानगर एसटी सीट से दूसरी दफा जीते थे। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक उनकी उम्र 54 वर्ष थी और उनके परिवार में पत्नी, चार पुत्रियां और एक बेटा हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान सीहोर अस्पताल पहुंच गये। हादसे में गंभीर रूप से तीनों घायलों को इलाज के लिये भोपाल की निजी अस्पताल भेजा गया है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने के बाद भाजपा विधायक दल की बैठक फिलहाल रद्द कर दी गई है।
Latest India News