लखनऊ: यूपी चुनाव से पहले यूपी बीजेपी के अध्यक्ष का एक हैरान करने वाला पोस्टर सामने आया है। इस पोस्टर में बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्या को भगवान कृष्ण के रूप में दिखाया गया है जबकि उनके विरोधियों को कौरव बताते हुए यूपी का चीरहरण करते दिखाया गया है। सवाल बड़ा यही है कि आखिर एक नेता को भगवान बनाने की कोशिश क्यों की गई ?
बीजेपी का पोस्टर यूपी में चुनाव से पहले सियासी बवाल की वजह बन गया है। इस पोस्टर बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्या को कृष्ण के रूप में दिखाया गया है और कृष्ण बने केशव प्रसाद मौर्या यूपी को चीरहरण से बचा रहे हैं। पोस्टर पर लिखा है ''रक्षमाम् केशवः''
यूपी का चीरहरण क्यों करवाया ?
पोस्टर में चीरहरण करते विरोधी नेता को दिखाया गया है सबसे ऊपर हैं बीएसपी अध्यक्ष मायावती, जिन्हें भ्रष्टाचार करने वाला दुश्सासन बताया गया है। मायावती के ठीक नीचे हैं कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी जिन्हें यूपी में गरीब और बेरोजगारी लाने का जिम्मेदार ठहराया गया है। राहुल के ठीक नीचे यूपी के नगर विकास मंत्री आजम खान की तस्वीर है, आजम को यूपी में सांप्रदायिकता फैलाने वाला दुश्सासन करार दिया गया है। पोस्टर में आजम के ठीक नीचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की फोटो भी है, उन्हें गुंडाराज का प्रतीक बताया गया है और सबसे आखिरी में हैं यूपी में पहली बार चुनावी आजमाइश करने वाले एमआईएम के चीफ असदुद्दीन ओवैसी जिनको राष्ट्रदोही बताया गया है। ये सभी मिलकर यूपी का चीरहरण कर रहे हैं लेकिन यूपी को चीरहरण से बचाते हुए यूपी बीजेपी के अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्या को दिखाया गया है।
खुद 'कृष्ण' और विपक्षी कौरव
पोस्टर में इस बात का जिक्र भी किया गया है और लिखा है कलियुग में केशव केवल उपदेश नहीं देते, रणभूमि में युद्ध करते हैं। जाहिर है बीजेपी के इस पोस्टर पर संग्राम छिड़ गया है। असल में केशव प्रसाद मौर्या यूपी बीजेपी का अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार वाराणसी के दौरे पर पहुंच रहे हैं औऱ उनके स्वागत में पार्टी कार्यकर्ता रूपेश पांडेय कुछ ज्यादा ही बहक गए और उन्होंने इस तरह का पोस्टर पूरे वाराणसी में लगवा दिया।
आगे की स्लाइड में देखे वीडियो-
Latest India News