कोलकाता: एयर इंडिया के विमान को बम से उड़ाने के धमकी भरे फोन कॉल के बाद आज नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर सुरक्षाकर्मी हरकत में आ गये । हवाईअड्डा अधिकरियों ने बताया कि एक अग्यात कॉल में विमान मेें बम होने की बात कही गई जिसके चलते शहर से गुवाहाटी जा रहे विमान ने लगभग दो घंटे देरी से उड़ान भरी। उन्होेंने बताया कि कोलकाता से गुवाहाटी जाने वाले एआई-729 विमान को 114 यात्रियों के साथ हवाईअड्डे से नौ बजकर 50 मिनट पर उड़ान भरनी थी।
अधिकारियों ने कहा कि उड़ान भरने के समय से थोड़ी देर पहले ही हवाईअड्डा ड्यूटी प्रबंधक के डेस्क पर एक महिला का फोन आया जिसमें उसने विमान में बम होने की जानकारी दी। इसके बाद विमान को तुरंत ही अलग-थलग स्थान पर ले जाया गया, जहां सभी यात्रियों को विमान से उतार दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा कर्मियों और बम निरोधक दस्ते ने विमान की अच्छी तरह छानबीन की लेकिन उसमें कुछ नहीं मिला । इसके बाद आखिरकार विमान ने सुबह 11 बजकर 45 मिनट पर करीब एक घंटे 55 मिनट की देरी से उड़ान भरी ।
इस माह हवाईअड्डे पर बम की अफवाह भरे फोन आने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले सात सितंबर को हवाईअड्डे को बम से उड़ाने के तीन धमकी भरे फोन किए गए थे। इसके दो दिन बाद राज्य सचिवालय नाबन्ना को उड़ाने की भी अग्यात धमकी भरी कॉल आयी थी।
Latest India News