नई दिल्ली: दिल्ली के पुलिस आयुक्त बी एस बस्सी ने आज उपराज्यपाल नजीब जंग से मुलाकात की और जेएनयू विवाद से उन्हें अवगत कराया। जेएनयू मामले पर विभिन्न हलकों में तीखी आलोचना हो रही है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, आयुक्त और राज्यपाल के बीच यह नियमित मुलाकात थी। जेएनयू विवाद पर उपराज्यपाल को अवगत कराया गया।
उन्होंने कहा कि उमर खालिद सहित पांच जेएनयू छात्रों के बारे में चर्चा हुई जिनपर देशद्रोह का आरोप लगाया गया है और कल रात वे यूनिवर्सिटी कैंपस में नजर आए थे। पता चला है कि बस्सी ने जंग से कहा कि मामले पर अंतिम निर्णय जांच अधिकारी द्वारा लिया जाएगा।
इससे पहले दिन में बस्सी ने कहा कि अगर छात्र बेकसूर हैं तो उन्हें सबूत पेश करना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘पुलिस उन्हें ढूंढ रही है उन्हें जांच में शामिल होना चाहिए। अगर वे बेगुनाह हैं तो उन्हें अपनी बेगुनाही के सबूत प्रस्तुत करने चाहिए।’
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘दिल्ली पुलिस कानून का पालन करने वाला निकाय है और हम किसी के खिलाफ नाइंसाफी में लिप्त नहीं है। हर किसी को याद रखना चाहिए न्याय की सीढी में पुलिस का पहला स्थान है।’ जेएनयू प्रशासन ने पांच छात्रों के विश्वविद्यालय परिसर में फिर से दिखने के बाद इस बारे में चर्चा के लिए आज विश्वविद्यालय के अधिकारियों की एक बैठक बुलाई है।
Latest India News