फिरोजपुर: ऐसे समय में जब भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है, सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने सोमवार को एक 12 वर्षीय पाकिस्तानी बच्चे को वापस उसके देश को सौंप दिया। वह पंजाब के फिरोजपुर सेक्टर में अनजाने में भारतीय सीमा क्षेत्र में घुस आया था।
देश-विदेश की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
BSF के एक प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तान के कसूर जिले के धारी गांव के रहने वाले मोहम्मद तनवीर को जवानों ने रविवार को पकड़ा था। ये जवान पंजाब के किसानों के साथ उनकी फसलों की रखवाली कर रहे थे। इन किसानों के खेत कंटीले तारों की बाड़ के उस तरफ भी हैं। लड़के को फिरोजपुर सेक्टर के दोना तेलु मल सीमा चौकी इलाके से पकड़ा गया था।
BSF के प्रवक्ता ने कहा, ‘वह अनजाने में अंतर्राष्ट्रीय सीमा पार कर भारतीय सीमा में घुस गया था। वह पाकिस्तानी सीमा में अंतर्राष्ट्रीय सीमा रेखा के पास अपने जानवरों को चरा रहा था और बहुत प्यासा था। वह भारतीय सीमा में एक ट्यूबवेल से पानी पीने के लिए आया था।’ उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी रेंजर्स से सोमवार को संपर्क किया गया और अनजाने में सीमा पार कर आने वाले तनवीर को मानवीय आधार पर उन्हें सौंप दिया गया।
Latest India News