नई दिल्ली: पंजाब में पठानकोट के पास बमियाल सेक्टर में बॉर्डर पर घुसपैठ की कोशिश कर रहे एक संदिग्ध को बीएसएफ ने मार गिराया है वहीं दो संदिग्ध भागने में कामयाब रहे। सुबह 6 बजे तीन पाकिस्तानी इंटरनेशनल बॉर्डर की पोस्ट ताश चौकी से घुस आए। जब ये 50 मीटर अंदर भारतीय सीमा में दाखिल हो गए तब बीएसएफ के एक कांस्टेबल ने निगरानी पोस्ट से इस इलाके में कुछ संदिग्ध हरकत देखी। इसके बाद बीएसएफ के जवान ने जब इनको ललकारा तो ये वापस पाकिस्तान की ओर भागने लगे।
इस दौरान जब बीएसएफ ने फायरिंग की तो एक घुसपैठिया मारा गया और दो वापस भाग गए। जब ये वापस पाकिस्तान की ओर भागे तो इंटरनेशनल बॉर्डर से करीब 75 मीटर और बाड़ से 25 मीटर की दूरी पर थे। सुबह का वक्त होने की वजह से मौसम काफी धुंधला था।
फिलहाल पूरे इलाके में बीएसएफ सर्च अभियान चला रही है। यहां से पाकिस्तानी पोस्ट जलालाबाद करीब 700 मीटर पर है। गौरतलब है कि इसी इलाके से सात महीने पहले गुरदासपुर के दीनापुर थाने पर और पठानकोट एयरबेस पर हुए आतंकी हमले में शामिल आतंकी दाखिल हुए थे।
Latest India News