जम्मू: जम्मू के आर एस पुरा सेक्टर में सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने साजिश की एक सुरंग का पर्दाफाश किया है। पाकिस्तान ने अपनी नापाक हरकतों को अंजाम देने के लिए सरहद के एक तरफ से दूसरी तरफ तक सुरंग खोद डाली थी लेकिन इससे पहले की पाकिस्तान अपने मंसूबों में कामयाब हो पाता सुरंग के साथ साथ नापाक इरादों को भी दफ्न कर दिया गया।
करीब 30 फुट लंबी और 4 फुट चौड़ी यह सुरंग आतंक की सुरंग है जिसमें कोई भी थोड़ा सा झुककर मिनटों पर बॉर्डर पार कर सकता है। इस सुरंग से एक पूरी की पूरी बटालियन को सरहद पार करवाया जा सकता है। सरहद पर मिली इस सुरंग के जरिए आतंकवादियों को पाकिस्तान से भारत भेजा जाने वाला था लेकिन दुश्मनों के मंसूबे नाकाम हो गए और सुरंग का सुराग हाथ लग गया।
सरहद पर साजिश की सुरंग
दरअसल सीमा सुरक्षा बल ने जम्मू कश्मीर के आरएसपुरा सेक्टर के अब्दुलिया में एक सुरंग का पता लगाया। ये इलाका अंतर्राष्ट्रीय सीमा के बिल्कुल पास है। ये सुरंग पाकिस्तान की सीमा से खोदी गई थी और भारत की सीमा के खेतों तक पहुंचाई गई थी।
सुरंग को डिजायन किया गया था। बीएसएफ का कहना है कि इस सुरंग के जरिए आंतकवादियों की घुसपैठ करा कर बड़ी घटना को अंजाम दिया जाना था। ये सुरंग भारत की अग्रिम चौकी अल्लाह माई के कोठे और पाकिस्तान की अफजल चौकी के बीच खोदी गई है। सुरंग अंग्रेजी के L अक्षर के आकार की है और आशंका है कि इसके पीछे पाकिस्तानी सेना और रेंजर्स दोनों का हाथ है।
पाकिस्तान से भारत तक खोदी गई गुफा
आरएस पुरा सेक्टर में सुरंग पाकिस्तान की तरफ से खोदी गई थी इस सुरंग का BSF की एंटी टनलिंग एक्सरसाइज के दौरान पता चला। कल सुबह 10 बजे के करीब अब्दुलिया इलाके में गश्त लगा रहे जवानों को एक जगह जमीन धंसी दिखी शक हुआ तो वहां जेसीबी मशीन से खुदाई करवाई गयी। जमीन की उपर की परत हटी तो उनके सामने जो नजारा था वो चौंकाने वाला था। करीब 30 फुट लंबी और 4 फुट चौड़ी सुरंग का एक मुहाना नजर आ गया। इस सुरंग की चौड़ाई इतनी थी कि एक बार में एक आदमी हथियारों से लैस होकर भी बड़े आराम से इसके जरिए आ जा सकता था। साथ ही इसमें हवा आने जाने की भी ऐसी व्यवस्था की गयी थी कि इससे गुजरने वालों को सांस लेने में दिक्कत न हो। सुरंग बनाने वालों ने इस बात का भी खयाल रखा था कि उपर से इस सुरंग का पता न चले, इसलिए इसे जमीन की उपरी सतह से करीब 10 फीट नीचे खोदा गया था।
जमीन के ऊपर पहरा..जमीन के नीचे राज छुपा गहरा
जम्मू सेक्टर के जिस इलाके में ये सुरंग मिली है वो भारतीय इलाका है। ज़ीरो लाइन वहां से सिर्फ पचास मीटर दूर है। जीरो लाइन का मतलब है बॉर्डर की वो रेखा जिसके इस पार हिंदुस्तान है और उस पार पाकिस्तान। फिलहाल अधिकारियों की एक टीम यह पता लगाने में जुट गई है कि सुरंग का एक किनारा अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार कहां पर हो सकता है। सुरंग मिलने के बाद बीएसएफ ने भी इलाके में चौकसी बढ़ा दी है।
Latest India News