श्रीनगर: कश्मीर के तंगधार इलाके में नियंत्रण रेखा से घुसपैठ की कोशिशों को आज सेना ने विफल कर दिया। इसमें तीन आतंकवादियों की मौत हो गई। ये आतंकवादी इलाके में दो दिन पहले BSF की चौकी पर हुए हमले में शामिल थे।
सेना के एक अधिकारी ने कहा, सेना ने कुपवाड़ा जिले के तंगधार इलाके में घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया है। इस अभियान में तीन आतंकवादियों को मार गिराया गया। उन्होंने बताया कि मारे गए आतंकी बीते 19 अगस्त को तंगधार इलाके में BSF चौकी पर हुए हमले में शामिल थे। इस हमले में तीन जवान घायल हो गए थे।
अधिकारी ने बताया, घटनास्थल से तीन हथियार और युद्ध से संबंधित अन्य सामग्री बरामद हुई है। उन्होंने बताया कि तलाश अभियान अभी जारी है।
Latest India News