1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बीएसएफ ने पाक को किसी भी दुस्साहस के खिलाफ चेताया

बीएसएफ ने पाक को किसी भी दुस्साहस के खिलाफ चेताया

जम्मू: फिर से संघर्षविराम उल्लंघनों के बीच, बीएसएफ ने आज पाकिस्तानी सैन्य बलों को किसी भी तरह का दुस्साहस करने के खिलाफ चेताया और कहा कि भारत घुसपैठ और विशेषकर आम नागरिकों को लक्ष्य बनाने

बीएसएफ ने पाक को किसी...- India TV Hindi
बीएसएफ ने पाक को किसी भी दुस्साहस के खिलाफ चेताया

जम्मू: फिर से संघर्षविराम उल्लंघनों के बीच, बीएसएफ ने आज पाकिस्तानी सैन्य बलों को किसी भी तरह का दुस्साहस करने के खिलाफ चेताया और कहा कि भारत घुसपैठ और विशेषकर आम नागरिकों को लक्ष्य बनाने वाली सीमापार की गोलीबारी को कतई बर्दाश्त नहीं करेगा।

बीएसएफ ने एक फ्लैग मीटिंग के दौरान पाकिस्तान रेंजर्स को यह स्पष्ट संदेश देते हुए पिछले कुछ दिन में जम्मू कश्मीर में बिना उकसावे की सीमापार की गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत तथा 14 लोगों के घायल होने पर कड़ा विरोध जताया।

जम्मू जिले के आर एस पुरा सेक्टर में बीओपी आक्टेरियो :पाकिस्तान की तरफ: में बीएसएफ और पाकिस्तान रेंजर्स के बीच सेक्टर कमांडर स्तरीय फ्लैग मीटिंग में यह विरोध जताया गया। यह बैठक करीब दो घंटे चली।

फ्लैग मीटिंग ऐसे समय आयोजित की गई जब पाकिस्तानी रेंजर्स द्वारा फिर से गोलीबारी शुरू की गई है।

बीएसएफ के महानिरीक्षक :जम्मू फ्रंटियर: राकेश कुमार ने संवाददाताओं से कहा, हमने विरेाध जताया और :12 सितंबर को दिल्ली में: डीजी स्तरीय वार्ता के दौरान स्थापित सहमति का उल्लंघन करने का विरोध किया गया।

गौरतलब है कि एक महीने के अंतराल के बाद, पाकिस्तानी रेंजरों ने 23 अक्तूबर से भारी गोलीबारी शुरू कर दी जिसमें सीमावर्ती बस्तियों और बीओपी को निशाना बनाया गया। भारी मशीन गन और अन्य हथियारों से गोलीबारी मंगलवार सुबह तक जारी रही। इस वजह से एक नागरिक की मौत हो गई और 14 अन्य घायल हो गए। दो दर्जन से ज्यादा मवेशी मारे गए या घायल हो गए।

23 अक्तूबर को पाक रेंजरों द्वारा की गई गोलीबारी में एक असैनिक श्रमिक छत्तीसगढ़ के राजकुमार की मौत हो गई थी जबकि दो अन्य नागरिक घायल हो गए थे। आठ सदस्यीय भारतीय पक्ष का नेतृत्व डीआईजी बी एस कसाना कर रहे थे जबकि 11 सदस्यीय पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई ब्रिगेडियर वसीम जाफर भट्टी कर रहे थे।

बीएसएफ के अधिकारी ने कहा कि बैठक का मुख्य एजेंडा सीमा पार से गोलीबारी था जिसकी शुरूआत पाकिस्तान ने 23 अक्तूबर को सांबा सेक्टर में की थी। उन्होंने कहा कि हमेशा की तरह, पाकिस्तानी रेंजरों ने आरोपों का खंडन किया और कहा कि उन्होंने गोलीबारी नहीं की तथा उलटे बीएसएफ पर पाकिस्तानी चौकियों तथा गांवों पर भारी गोलीबारी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बैठक सौहार्द्रपूर्ण माहौल में हुई और यह सहमति बनी कि सीमा सुरक्षा करने वाले दोनों बलों के बीच स्थानीय स्तर पर बैठकें और जल्दी जल्दी होनी चाहिए।

अधिकारी ने कहा कि बैठक में रक्षा निर्माण और पाकिस्तान की ओर से घुसपैठ के प्रयासों सहित अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई और पाकिस्तानी कमांडर ने सीमा पर शांति बनाए रखने के लिए अपनी ओर से सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि बैठक सकारात्मक रूख के साथ समाप्त हुई। बीएसएफ और पाक रेंजरों के बीच आरएस पुरा सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर 18 मार्च 2015 को सेक्टर कमांडर स्तरीय बैठक हुई थी। उसके पहले भारी गोलीबारी को देखते हुए 29 अगस्त 2014 को आरएस पुरा सेक्टर में ओक्टेरिया बीओपी में सेक्टर कमांडर स्तरीय फ्लैग मीटिंग हुई थी।

Latest India News