लखनऊ: बुलंदशहर गैंगरेप मामले के एक मुख्य आरोपी समेत तीन और लोगों को गिरफ्तार किया गया है और इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की संख्या छह हो गई है।
एक पुलिस अधिकारी ने आज रात यह जानकारी दी। उन्होंने इस मामले में अधिक जानकारी देने से इनकार कर दिया और कहा कि पुलिस ने सभी तीन आरोपियों को छापेमारी के दौरान पकड़ा।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि उनमें मुख्य आरोपी सलीम बावरिया भी शामिल है लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया कि आरोपियों को किस स्थान से गिरफ्तार किया गया। इससे पहले इस मामले में तीन और लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
उत्तर प्रदेश पुलिस के महानिदेशक जावीद अहमद ने पहले कहा था, अन्य आरोपियों के नाम लगभग स्पष्ट हैं और उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
डाकुओं के एक समूह ने बंदूक का भय दिखाकर एक महिला एवं 13 वर्षीय एक लड़की का एनएच-91 पर बुलंदशहर में उस समय सामूहिक बलात्कार किया था जब वे 29 जुलाई को अपने परिवार के साथ नोएडा से शाहजहांपुर जा रही थीं।
Latest India News