अहमदाबाद: दक्षिण गुजरात के नवसारी में गुजरात राज्य सड़क परिवहन निगम (GSRTC) की एक बस की दुर्घटना में मरने वालों की संख्या 41 पहुंच गयी। पुलिस ने आज बताया कि मृतकों में 21 महिलाएं, पांच बच्चे और 15 पुरुष शामिल हैं।
नवसारी कलेक्टर रामिया मोहन ने बताया कि गुजरात सरकार ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की है। सरकार घायलों के इलाज का पूरा खर्च उठाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल आज दोपहर बाद नवसारी जाएंगी और वहां चार अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती 27 घायलों से मिलेंगी।
नवसारी के ग्रामीण पुलिस निरीक्षक और मामले में जांच अधिकारी एस बी शेख ने कहा, कल हुए हादसे में मृतक संख्या 41 हो गयी है जिसमें गुजरात राज्य परिवहन की बस सूपा गांव के पास पूर्णा नदी में डूब गयी।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना उस समय हुई जब बस सामने की तरफ से आते हुए एक चारपहिया वाहन से टक्कर होने से बचाने की कोशिश में 23 फुट चौड़े पुल पर तेजी से मुड़ी।
बस कल शाम उकई से नवसारी जा रही थी। उसमें कुल 68 लोग सवार थे और अधिकर लोग रोजाना सफर करने वालों में से थे।
Latest India News