1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. गुवाहाटी में PM काफिले वाली कार रिहर्सल के दौरान दुर्घटनाग्रस्त

गुवाहाटी में PM काफिले वाली कार रिहर्सल के दौरान दुर्घटनाग्रस्त

असम के मुख्यमंत्री बनने जा रहे सर्वानंद सोनोवाल के शपथ ग्रहण समारोह के लिए सोमवार को यहां हुए रिहर्सल के दौरान एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

Guwahati- India TV Hindi
Guwahati

गुवाहाटी: असम के मुख्यमंत्री बनने जा रहे सर्वानंद सोनोवाल के शपथ ग्रहण समारोह के लिए सोमवार को यहां हुए रिहर्सल के दौरान एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई जिसका इस्तेमाल प्रधानमंत्री के लिए किया जाना था। गुवाहाटी के पुलिस उपायुक्त (यातायात) प्रणबज्योति गोस्वामी ने को बताया कि दुर्घटना उस समय घटी जब बीएमडब्ल्यू कार राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर अपने काफिले के साथ रिहर्सल में शामिल थी। उन्होंने कहा, इस कवायद के दौरान कार ने काफिले में आगे चल रहे एक और वाहन को टक्कर मार दी।

घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन बीएमडब्ल्यू के आगे के ग्रिल का स्टील का फ्रेम और इसका बोनट टक्कर लगने से क्षतिग्रस्त हो गया। गोस्वामी ने कहा, रास्ते में आगे वाली कार ने अचानक ब्रेक लगाए। बीएमडब्ल्यू कार का चालक संभवत: इसे समझ नहीं सका और पीछे से टक्कर लग गई। जब गोस्वामी से पूछा गया कि क्या बदले में दूसरी कार लाई जाएगी तो उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विशेष सुरक्षा दल के फैसले पर यह निर्भर करेगा जो नुकसान का आकलन करेगा। मंगलवार को यहां सोनोवाल के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ कई केंद्रीय मंत्री और कई राज्यों के मुख्यमंत्री आदि भाग लेंगे।

Latest India News