इंदौर: लोकायुक्त पुलिस ने दो प्रधान आरक्षकों को आज 7,000 रपये की कथित घूस लेते रंगे हाथों धर दबोचा।
लोकायुक्त पुलिस के उपाधीक्षक 'DSP' बीएस परिहार ने यहां बताया कि अलीराजपुर जिले के जोबट थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षकों......गजेंद्र भार्गव और रामकुमार यादव को टीकम सिंह की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि टीकम सिंह के मामा की बेटी जामनी गांव के एक लड़के के साथ हफ्ते भर पहले भाग गई थी। इस सिलसिले में लड़की की मां ने जोबट पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करायी थी।
परिहार ने बताया कि तीन दिन पहले लड़की खुद ही अपने घर लौट आयी। लेकिन दोनों प्रधान आरक्षकों ने यह दावा करते हुए टीकम सिंह से घूस मांगी कि लड़की उनके प्रयासों के कारण घर लौटी है। इसलिये उन्हें खर्चे..पानी के रपये देने होंगे।
डीएसपी ने बताया कि इस बारे में शिकायत मिलने पर लोकायुक्त पुलिस ने जाल बिछाया। भार्गव और यादव को जोबट थाना परिसर के पास टीकम सिंह से 7,000 रपये की कथित घूस लेते वक्त रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
लोकायुक्त पुलिस ने दोनों प्रधान आरक्षकों के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में विस्तृत जांच जारी है।
Latest India News