1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. AAP विधायक नरेश बालियान के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज

AAP विधायक नरेश बालियान के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज

आम आदमी पार्टी के विधायक नरेश बालियान के खिलाफ एक रेजिडेंशल वेलफेयर असोसिएशन के पदाधिकारी के साथ लड़ाई-झगड़ा करने के लिए रविवार को मामला दर्ज किया गया है।

Photo: facebook.com/profile.php?id=100009681402510- India TV Hindi
Photo: facebook.com/profile.php?id=100009681402510

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक नरेश बालियान के खिलाफ एक रेजिडेंशल वेलफेयर असोसिएशन के पदाधिकारी के साथ लड़ाई-झगड़ा करने के लिए रविवार को मामला दर्ज किया गया है। दूसरे पक्ष की शिकायत पर RWA के पदाधिकारी के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा है कि यह घटना दोपहर लगभग 2 बजे उस समय घटी, जब उत्तम नगर इलाके में स्थित के-2 ब्लॉक RWA के उपाध्यक्ष एम.बी. जॉर्ज आगामी दशहरा त्योहार के बंदोबस्त को लेकर RWA के अन्य पदाधिकारियों के साथ एक बैठक कर रहे थे। बालियान पश्चिम दिल्ली में उत्तम नगर के विधायक हैं।

देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

पुलिस ने कहा कि RWA की बैठक में आमंत्रित न किए जाने पर नाराज बालियान अपने सहयोगी महेंद्र फौजी के साथ आए और जॉर्ज के साथ कहासुनी करने लगे, बाद में दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई। जॉर्ज ने उसके बाद उत्तम नगर पुलिस थाने में एक शिकायत दर्ज कराई। फौजी ने भी एक शिकायत दर्ज कराई कि उन्होंने बालियान को मुहल्ले में एक नाले के उद्घाटन के लिए बुलाया था, जहां जॉर्ज उद्घाटन के मुद्दे पर आप विधायक से लड़ पड़े। पुलिस ने कहा, ‘हमने दोनों पक्षों से प्राप्त शिकायतों के आधार पर लड़ाई-झगड़े का एक मामला दर्ज किया है। नरेश बालियान के खिलाफ जॉर्ज की शिकायत पर हमने धारा 323, धारा 341 और धारा 451 के तहत मामला दर्ज किया है।’

पुलिस उपायुक्त विजय कुमार ने कहा, ‘हमने उत्तम नगर पुलिस थाने में फौजी की शिकायत पर जॉर्ज के खिलाफ एक मामला दर्ज किया है।’ कुमार ने कहा, ‘हमने उनके बयान दर्ज किए हैं और मामले की जांच कर रहे हैं। लड़ाई-झगड़े में कोई घायल नहीं हुआ है।’

Latest India News