1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जेटली से जुड़ी फाइलें खोजने आई थी सीबीआई: केजरीवाल

जेटली से जुड़ी फाइलें खोजने आई थी सीबीआई: केजरीवाल

नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को अपने कार्यालय पर कथित तौर पर केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की छापेमारी का कड़ा विरोध किया है और कहा है कि सीबीआई उनके कार्यालय केंद्रीय

CBI came to find records relating to Jaitley: Kejriwal- India TV Hindi
CBI came to find records relating to Jaitley: Kejriwal

नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को अपने कार्यालय पर कथित तौर पर केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की छापेमारी का कड़ा विरोध किया है और कहा है कि सीबीआई उनके कार्यालय केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली से संबंधित फाइलें खोजने आई थी। जेटली ने केजरीवाल के आरोपों को खारिज कर दिया है। केजरीवाल ने कहा, "राजेंद्र तो बहाना हैं, केजरीवाल निशाना हैं।"

केजरीवाल जहां इसे मुख्यमंत्री कार्यालय पर छापेमारी बता रहे हैं, वहीं सीबीआई ने इससे इनकार किया है। केजरीवाल ने हालांकि सीबीआई पर झूठ बोलने का आरोप लगाया है और दावा किया है कि सीबीआई ने उनके कार्यालय की सभी फाइलें खंगाली है। केजरीवाल ने कहा कि जेटली लंबे समय से दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) से जुड़े हुए हैं, जिस पर भ्रष्टाचार के अनेकों आरोप हैं।

मुख्यमंत्री केजरीवाल ने उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के आवास के बाहर पत्रकारों से कहा, "वे डीडीसीए से जुड़ी फाइलें खोजने आए थे..जिसमें जेटली का नाम है। वे वही फाइलें खोजने आए थे।" केजरीवाल ने भाजपा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जेटली पर तीखा हमला करते हुए कहा, "मुख्यमंत्री कार्यालय में सिर्फ बीते 10-15 दिनों की फाइलें ही होती हैं, तो वे यहां क्या खोजने आए थे? शिक्षा विभाग में 2007 में हुए घोटाले से जुड़ी जो फाइलें वे खोजने आए थे, वास्तव में वे फाइलें शिक्षा विभाग में रखी हुई हैं, लेकिन उन्होंने वहां छापेमारी नहीं की।"

केजरीवाल ने कहा कि डीडीसीए भ्रष्टाचार का गढ़ है और उनके आदेश पर डीडीसीए की जांच के लिए गठित आयोग ने जांच रपट सौंप दी है, जिसकी तलाश में सीबीआई आई थी। केजरीवाल ने बताया कि राजेंद्र कुमार आईटी और वैट विभाग में वरिष्ठ पदों पर रह चुके हैं और अगर सीबीआई को भ्रष्टाचार के सबूत चाहिए तो उन्हें संबंधित विभागों में छापेमारी करनी चाहिए।

केजरीवाल ने कहा, "उन्होंने आईटी मंत्रालय में छापेमारी नहीं की, शीला दीक्षित के शासन काल में जिन मंत्रियों ने उन फाइलों पर दस्तखत किए थे, उनसे इस बारे में पूछताछ नहीं की गई और न ही उन फाइलों पर दस्तखत करने वाले अन्य सचिव स्तर के अधिकारियों से ही पूछताछ की गई।" केजरीवाल ने लगभग धमकी भरे अंदाज में कहा, "वे (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी) मुझे सीबीआई से डराना चाहते हैं। लेकिन वे नहीं जानते कि मैं किस मिट्टी का बना हूं, मैं डरने वाला नहीं हूं।"

केजरीवाल ने कहा, "मैं आपको बता देना चाहता हूं मोदी जी, आप सीबीआई से औरों को डरा सकते हैं, लेकिन मुझे नहीं डरा सकते। मैं आखिरी सांस तक लड़ूंगा। मैं मोदी की सीबीआई और थोथी धमकियों से नहीं डरता।" मोदी को कहे अपशब्द के लिए हो रही आलोचना पर उन्होंने कहा, "आप अपने बुरे कर्मो के लिए माफी मांगे, मैं अपने बुरे शब्दों के लिए माफी मांग लूंगा।"

Latest India News