1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. माल्या के खिलाफ कई आरोप पत्र दायर कर सकती है CBI

माल्या के खिलाफ कई आरोप पत्र दायर कर सकती है CBI

सीबीआई पूर्व शराब कारोबारी विजय माल्या के खिलाफ कई आरोप पत्र दायर करने की योजना बना रही है क्योंकि उसने अपनी एक प्राथमिकी में अब बंद हो चुके किंगफिशर एयरलाइन्स पर विभिन्न बैंकों के 9000 करोड़ रुपए से अधिक के बकाए का भुगतान नहीं करने के मामलों को रखा

Vijay Mallya
- India TV Hindi
Vijay Mallya

दिल्ली: सीबीआई पूर्व शराब कारोबारी विजय माल्या के खिलाफ कई आरोप पत्र दायर करने की योजना बना रही है क्योंकि उसने अपनी एक प्राथमिकी में अब बंद हो चुके किंगफिशर एयरलाइन्स पर विभिन्न बैंकों के 9000 करोड़ रुपए से अधिक के बकाए का भुगतान नहीं करने के मामलों को रखा है।

सीबीआई सूत्रों ने बताया कि माल्या के खिलाफ आईडीबीआई के कर्ज का भुगतान नहीं करने को लेकर एक मामला दर्ज किया है। यह तकरीबन 900 करोड़ रुपए है जिसके बारे में एजेंसी ने सूचना सूत्र के जरिए जुटाई है क्योंकि अब तक किसी भी प्रभावित बैंक ने कोई शिकायत नहीं दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि कोई भी जांच एजेंसी इस तरह का मामला दर्ज करने में सक्षम है लेकिन साक्ष्य जुटाने के मामले में काफी अधिक काम होता है, जिसे आसान बनाया जा सकता था अगर किसी प्रभावित बैंक ने माल्या के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई होती तो।

सूत्रों ने बताया कि अब तक किसी भी बैंक ने उसके पास कोई शिकायत नहीं दर्ज कराई है, जिसके बाद एजेंसी को अपनी जांच का दायरा आईडीबीआई बैंक से उन सभी बैंकों तक बढ़ाना पड़ा जो माल्या के कथित तौर पर कर्ज का भुगतान नहीं करने से प्रभावित हैं। एक अधिकारी ने बताया, हमने सूत्र से मिली सूचना के आधार पर एक प्राथमिकी दर्ज की है। हम इसके दायरे में सार्वजनिक क्षेत्र के सभी बैंकों को लाए हैं, जो माल्या को कर्ज देने से प्रभावित हैं। अब हम उनके खिलाफ अलग आरोप पत्र दायर करेंगे।

कर्ज अदायगी में चूक से प्रभावित बैंकों में भारतीय स्टेट बैंक भी शामिल है जिसका सबसे अधिक 1600 करोड़ रुपए का कर्ज डूबा हुआ है। इसके अलावा एक्सिस बैंक प्राइवेट लिमिटेड, कॉरपोरेशन बैंक, फेडरल बैंक लिमिटेड, आईडीबीआई बैंक लिमिटेड, इंडियन ओवरसीज बैंक, जम्मू कश्मीर बैंक लिमिटेड, पंजाब एवं सिंध बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, स्टेट बैंक ऑफ मैसूर, यूको बैंक और यूनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया शामिल हैं।

माल्या की अपने कर्ज के निपटारे को लेकर बैंकों के साथ बातचीत चल रही है। माल्या ने किंगफिशर एयरलाइन के 9000 करोड़ रुपए के कर्ज के भुगतान के लिए व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार नहीं होने के अपने रुख का बचाव किया है। माल्या ने दावा किया है कि उन्होंने दबाव में कर्जों के लिए निजी गारंटी दी थी।

Latest India News