1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. माल्या पर निगरानी नोटिस में बदलाव पर CBI ने मानी अपनी गलती

माल्या पर निगरानी नोटिस में बदलाव पर CBI ने मानी अपनी गलती

विजय माल्या पर लुकआउट सर्कुलर में बदलाव की वजह से आलोचनाओं का सामना कर रही CBI ने इस मामले में अपनी गलती मानी।

vijay mallya- India TV Hindi
vijay mallya

नई दिल्ली: उद्योगपति विजय माल्या पर निगरानी नोटिस (लुकआउट सर्कुलर) में बदलाव की वजह से आलोचनाओं का सामना कर रही सीबीआई ने इस मामले में अपनी गलती मानी। CBI ने कहा कि आव्रजन ब्यूरो को भेजे गए नोटिस में माल्या को हिरासत में लेने की बात उसकी ओर से असावधानी की वजह से हुई।

माल्या के दो मार्च को देश से बाहर जाने के बाद से इस मामले में विपक्ष ने सरकार पर जोरदार हमला कर दिया है। कांग्रेस ने भाजपा को इस मुद्दे पर घेरते हुए कई आरोप लगाए हैं।

CBI ने माल्या को हिरासत में लेने वाले नोटिस को एक महीने में ही बदलकर सिर्फ उनकी विदेश यात्रा की जानकारी देने तक सीमित कर दिया था।

सीबीआई की प्रवक्ता ने कहा कि 10 अक्टूबर, 2015 को छापेमारी के दौरान माल्या मिले नहीं थे। उसके बाद एजेंसी ने आव्रजन ब्यूरो को पत्र लिखकर कहा था कि आईडीबीआई बैंक के 900 करोड़ रुपये के ऋण डिफॉल्ट मामले में माल्या की उपलब्धता सुनिश्चित होनी चाहिए।

प्रवक्ता ने कहा कि इस बारे में सर्कुलर में आरोपी को हिरासत में लेने वाले कॉलम को एक एसपी स्तर के अधिकारी ने गलती से ‘भर’ दिया था।

प्रवक्ता ने कहा कि 23 नवंबर को सीबीआई के मुंबई कार्यालय को आव्रजन ब्यूरो ने माल्या के आने के बारे में सूचित किया था। ब्यूरो ने पूछा था कि क्या करना है। ऐसे में एजेंसी ने सुधारात्मक उपाय करते हुए आव्रजन ब्यूरो से कहा कि उन्हें गिरफ्तार न किया जाए और सिर्फ उनकी आवाजाही की जानकारी दी जाए। उसके एक दिन बाद लुकआउट सर्कुलर में हिरासत को बदलकर सिर्फ आवाजाही की सूचना उपलब्ध कराना कर दिया गया।

Latest India News