1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. अब 65 साल में रिटायर होंगे डॉक्टर, केन्द्र सरकार ने दी मंजूरी

अब 65 साल में रिटायर होंगे डॉक्टर, केन्द्र सरकार ने दी मंजूरी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को केंद्रीय सेवाओं के चिकित्सकों की सेवानिवृत्ति की उम्र 65 साल करने को मंजूरी दे दी।

narendra modi- India TV Hindi
narendra modi

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को केंद्रीय सेवाओं के चिकित्सकों की सेवानिवृत्ति की उम्र 65 साल करने को मंजूरी दे दी। एक सरकारी बयान में कहा गया है कि इसका मकसद देश के स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र को मजबूती देना है। बयान में कहा गया है, "प्रधानमंत्री ने आज (मंगलवार को) केंद्रीय स्वास्थ्य सेवाओं के सभी चिकित्सकों की सेवानिवृत्ति की उम्र 65 साल करने की स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी। यह 31 मई 2016 से प्रभावी होगा।"

यह कदम सरकार को अनुभवी चिकित्सकों को अधिक समय तक अपने साथ बनाए रखने और बेहतर जन स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने में समर्थ बनाएगा। खासकर उन सबसे गरीब लोगों को इससे लाभ होगा जो पूरी तरह से सरकारी सुविधाओं पर ही निर्भर हैं।

इससे पहले मोदी ने अपनी एक सभा के दौरान देश में डॉक्टरों की किल्लत का जिक्र करते हुए कहा था कि दो सालों के भीतर डॉक्टर नहीं बनाए जा सकते इसलिए हमारी सरकार ने मौजूदा डॉक्टरों के रिटायर होने की उम्र को 65 साल करने पर विचार किया है उन्होंने उस वक्त कहा था कि कैबिनेट इस  फैसले को अंतिम रूप देने के लिए काम कर रही है।

गौरतलब है कि मोदी ने अपनी इस सभा के दौरान 2 सालों के भीतर केंद्र सरकार द्वारा का किए गए कामों पर भी बात की थी, जिसमें नारी सशक्तीकरण, रोजगार और गरीबों को गैस-चूल्हे की बात प्रमुखता से थी।

Latest India News