1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. उड़न दस्ते में केंद्रीय कर्मियों को भी शामिल किया जाएगा: जैदी

उड़न दस्ते में केंद्रीय कर्मियों को भी शामिल किया जाएगा: जैदी

चेन्नई: मुख्य चुनाव आयुक्त नसीम जैदी ने शुक्रवार को कहा कि तमिलनाडु में स्वच्छ और निष्पक्ष विधानसभा चुनाव करवाने के लिए उड़न दस्तों की संख्या बढ़ाई जाएगी और केंद्रीय कर्मियों को भी इसमें शामिल किया

nasim zaidi- India TV Hindi
nasim zaidi

चेन्नई: मुख्य चुनाव आयुक्त नसीम जैदी ने शुक्रवार को कहा कि तमिलनाडु में स्वच्छ और निष्पक्ष विधानसभा चुनाव करवाने के लिए उड़न दस्तों की संख्या बढ़ाई जाएगी और केंद्रीय कर्मियों को भी इसमें शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव में धन-बल का प्रयोग और वोटों की बिक्री रोकने के लिए केंद्र सरकार के कर्मियों को उड़न दस्ते में शामिल किया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि आयोग रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया को भी गर्वनर रघुराम राजन के इस बयान के बाद कि चुनावी राज्यों में 60,000 करोड़ रुपये नकदी की आवाजाही हो रही है, इस संबंध में पत्र लिख रहा है। जैदी ने कहा, "हमारी रणनीति धन बल को कम करने की है। इस खतरे को कम करने की जरूरत है। आयोग ने इस मुद्दे पर बड़े पैमाने पर विचार विमर्श कर खर्च पर नजर रखने के लिए पर्यवेक्षकों की संख्या सात गुणा बढ़ाने का निर्णय लिया है।"

उन्होंने कहा कि बिना लाइसेंस वाली शराब की दुकानों को बंद किया जाएगा और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि गैरकानूनी गतिविधियों के लिए उनका प्रयोग न हो। वे यहां तमिलनाडु में चुनावी तैयारियों का जायजा लेने आए थे। उन्होंने विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के अलावा अधिकारियों से भी मुलाकात की। 234 सदस्यों वाली तमिलनाडु विधानसभा का चुनाव 16 मई को कराया जाएगा।

जैदी के मुताबिक उड़न दस्ते में एक केंद्र सरकार का कर्मी और एक अर्धसैनिक बल के कर्मी को शामिल किया जाएगा ताकि चुनावों के दौरान धन बल पर लगाम लगाई जा सके। उन्होंने कहा कि आयकर विभाग के अधिकारियों को भी जांच और कार्रवाई का अधिकार दिया गया है।

इसके अलावा आईटी विभाग उम्मीदवारों द्वारा दायर हलफनामे की जांच करेगा। जैदी ने कहा कि चुनाव आयोग राज्य में जागरूकता कार्यक्रम चलाएगा। उम्मीदवारों द्वारा प्रचार के लिए टेलीविजन के प्रयोग पर जैदी ने कहा कि इसे भी चुनावी खर्च में जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि पेड न्यूज पर नजर रखने के लिए मीडिया निगरानी समिति का गठन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 30,000 से ज्यादा पोलिंग स्टेशनों पर मतदान की प्रक्रिया का वेबकास्ट किया जाएगा।

Latest India News