1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. चेन्नई हवाईअड्डा बंद, 72 हजार लोग राहत शिविरों में

चेन्नई हवाईअड्डा बंद, 72 हजार लोग राहत शिविरों में

नई दिल्ली/चेन्नई: सस्ती विमानन सेवा प्रदाता कंपनी स्पाइसजेट ने बुधवार को कहा कि तमिलनाडु में जारी बारिश, बाढ़ के बाद स्थिति पर बराबर नजर रखी जा रही है, क्योंकि जलजमाव के कारण चेन्नई हवाईअड्डे पर

चेन्नई हवाईअड्डा बंद,...- India TV Hindi
चेन्नई हवाईअड्डा बंद, 72 हजार लोग राहत शिविरों में

नई दिल्ली/चेन्नई: सस्ती विमानन सेवा प्रदाता कंपनी स्पाइसजेट ने बुधवार को कहा कि तमिलनाडु में जारी बारिश, बाढ़ के बाद स्थिति पर बराबर नजर रखी जा रही है, क्योंकि जलजमाव के कारण चेन्नई हवाईअड्डे पर उड़ानों का संचालन अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। स्पाइसजेट ने एक बयान में कहा, "हम चेन्नई में स्थिति पर बराबर नजर रखे हुए हैं। चेन्नई हवाईअड्डे पर हमारे सभी संचालन अगले निर्देश तक निलंबित हैं, क्योंकि हवाईअड्डे पर पानी भर गया है।"

बयान में कहा गया है, "पूरा शहर हवाईअड्डे से कट गया है और स्पाइसजेट के अधिकारी भारतीय हवाईअड्डा प्राधिकरण के साथ मिलकर यात्रियों को उपलब्ध संसाधनों के जरिए हर संभव मदद मुहैया करा रहे हैं।" स्पाइसजेट के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी जी.पी. गुप्ता ने एक बयान में कहा, "रद्द उड़ानों के लिए रिफंड की भी पेशकश की गई है और जहां के लिए भी कोई विकल्प उपलब्ध है, उसकी भी पेशकश की गई है।"

स्थानीय प्रशासन के अनुसार, चेन्नई हवाईअड्डा गुरुवार सुबह तक के लिए बंद है और रनवे पर पानी भर जाने के कारण सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, जिसके कारण सैकड़ों यात्री फंस गए हैं। तमिलनाडु में पिछले 100 सालों की सबसे भयानक बारिश ने चेन्नई, तिरुवल्लूर, कांचीपुरम और कुड्डालोर जैसे उत्तरी जिलों को जलमग्न कर दिया है।

तमिलनाडु में 72 हजार लोग राहत शिविरों में

तमिलनाडु में बारिश के कहर का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वहां 72,119 लोगों ने राहत शिविरों में शरण ले रखी है। तमिलनाडु सरकार ने बुधवार को कहा कि बारिश प्रभावित तिरूवल्लूर व कांचीपुरम व चेन्नई जिलों में स्थापित राहत शिविरों में 72,119 लोगों ने शरण ले रखी है। यहां जारी एक बयान में सरकार ने कहा कि प्रभावित लोगों ने तीन जिलों में स्थापित 432 राहत शिविरों में शरण ले रखी है।

सरकार ने कहा कि राहत उपाय युद्ध स्तर पर किए जा रहे हैं और प्रभावित इन तीन जिलों में खाने के 329,919 लाख पैकेट वितरित किए जा चुके हैं। सरकार के मुताबिक, तिरूवल्लूर जिले में बुधवार सुबह तक 24 सेंटीमीटर, जबकि कांचीपुरम में 34 सेंटीमीटर व चेन्नई में 28 सेंटीमीटर दर्ज की गई। बयान के मुताबिक, प्रभावित इन तीन जिलों में झीलों में दरार पड़ गई है।

मुख्यमंत्री जे.जयललिता गुरुवार को बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। उनकी योजना बुधवार को बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करने की थी, लेकिन मौसम खराब होने के कारण उनको अपनी योजना रद्द करनी पड़ी, क्योंकि ऐसे मौसम में हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका।

Latest India News