तमिलनाडु: विश्वविद्यालय के 130 से अधिक छात्रों सहित 600 से ज्यादा लोगों को और एक फ्रांसीसी दंपत्ति को आज रक्षा एवं NDRF कर्मियों के एक समन्वित दल ने सुरक्षित बचा लिया। मौसम ठीक होने की वजह से वायुसेना के दल ने राहत एवं बचाव कार्य के लिए कई चक्कर लगाए। बचाए गए लोगों में नागरिक और रक्षा कर्मी दोनों हैं। इनमें से कई लोग मूसलाधार बारिश की वजह से फंसे हुए थे।
एक वरिष्ठ वायुसेना अधिकारी ने बताया करीब 150 लोगों को बचाया गया और उन्हें निजी एयरलाइनर से भेजा गया जिसने हमारे बेस से दो चक्कर लगाए थे। इनमें से 130 आम नागरिक और शेष रक्षा बलों के लोग थे। पहली उड़ान दोपहर को दिल्ली के लिए रवाना हुई और दूसरी उड़ान से रात को 180 लोगों को भेजा गया।
उन्होंने बताया एसआरएम विश्वविद्यालय और वेल्लोन प्रौद्योगिकी संस्थान के करीब 70 छात्रों को कल तक बचाया गया था। इन लोगों को आज अराकोणम बेस से विमान द्वारा दिल्ली भेजा गया। ये लोग तम्बारम एयर बेस में एकत्र हुए जहां से उन्हें एम 14 हेलीकॉप्टरों से 20-20 के समूह में अराकोणम लाया गया। बारिश के कारण ये छात्र अपने छात्रावासों की उपरी मंजिलों में शरण लिए हुए थे।
कल करीब 300 लोगों को बचा कर विमान से सुरक्षित भेजा गया। इनमें से 120 को विमान से दिल्ली भेजा गया।
Latest India News