नई दिल्ली: बाली में गिरफ्तार अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन को भारत लाने के बीच ज्वालामुखी ने अड़चन डाल दी है, जिसके चलते CBI, मुंबई पुलिस और दिल्ली पुलिस की ज्वाइंट टीम अब उसे कल लाएगी। छोटा राजन कल विशेष विमान से दिल्ली लाया जाएगा, जहां CBI की टीम उससे पूछताछ करेगी। पूछताछ के बाद छोटा राजन की कस्टडी मुंबई पुलिस को सौंपी जाएगी। जिस विमान से राजन भारत आएगा उसमें कमांडो भी तैनात रहेंगे। ज्वालामुखी फटने से बाली एयरपोर्ट बंद कर दिया गया है और सभी फ्लाइट्स रद्द कर दी गई हैं।
आर्थर रोड जेल है तैयार
छोटा राजन को भारत लाने के लिए हाई लेवल की प्लानिंग की गई है। उसे आर्थर रोड जेल की अंडा सेल में रखा जाएगा। जेल की सुरक्षा के लिए अर्धसैनिक बल की मांग भी की गई है। छोटा राजन की पेशी और इलाज भी आर्थर रोड जेल में ही होगा। मुंबई पुलिस उसके लिए जेल में ही डायलिसिस मशीन लगवाएगी। राजन को आर्थर रोड जेल की उसी अंडा सेल में रखा जाएगा जिसमें मुंबई हमले के आतंकवादी अजमल कसाब को रखा गया था।
राजन ने किया था मुंबई आने से इंकार
छोटा राजन ने मुंबई में अपनी जान को खतरे बताते हुये वहां जाने से इनकार कर दिया था। इंडिया टीवी से बातचीत में छोटा राजन ने आरोप लगाया था कि मंबई पुलिस के कुछ अफसर दाउद से मिले हुये हैं। छोटा राजन ने कहा था कि मुंबई पुलिस ने उस पर बहुत अन्याय किया है और उसके ख़िलाफ़ जो 70 मुकदमें हैं, सारे झूठे हैं। राजन ने ये भी कहा कि दिल्ली सरकार इस नजरिए से उसके मामले को देखे और उसे न्याय दे। छोटा राजन ने फिर दोहराया कि वो दाऊद से डरता नहीं है और ज़िंदगी भर उसके ख़िलाफ़ लड़ता रहेगा।
राजन को लेकर मुंबई पुलिस का 'रेकॉर्ड अच्छा' नहीं
एक अधिकारी से जब पूछा गया कि इस तरह के विदेशी केसों से डील करने में CBI ही अकसर मुख्य एजेंसी होती है, ऐसे में दिल्ली पुलिस को इसमें क्यों शामिल किया गया, तो उन्होंने बताया कि भारतीय खुफिया एजेंसियों की नजर में राजन को लेकर मुंबई पुलिस का 'रेकॉर्ड अच्छा' नहीं है।
Latest India News