1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मुख्यमंत्री अखिलेश ने पेश किया भारी भरकम अनुपूरक बजट

मुख्यमंत्री अखिलेश ने पेश किया भारी भरकम अनुपूरक बजट

उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2016-17 के लिए 25,347.87 करोड़ रुपए का पहला अनुपूरक बजट पेश किया।

Akhilesh Yadav- India TV Hindi
Image Source : PTI Akhilesh Yadav

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2016-17 के लिए 25,347.87 करोड़ रुपए का पहला अनुपूरक बजट पेश किया जिसमें समाजवादी पूर्वाचंल एक्सप्रेस-वे परियोजना के वास्ते भूमि अधिग्रहण के लिये 800 करोड़ रुपए की राशि मांगी गई है। वित्त विभाग की भी जिम्मेदारी संभाल रहे मुख्यमंत्री ने वित्तीय वर्ष के इस पहले अनुपूरक बजट में प्रदेश सरकार की विभिन्न विकास तथा कल्याणकारी परियोजनायों के प्रचार प्रसार के लिए सूचना एवं प्रचार विभाग के वास्ते 200 करोड़ रुपए की अतिरिक्त राशि का प्रावधान किया है।

अनुपूरक बजट में लोक निर्माण विभाग के तहत संचालित योजनाओं के लिए 33,204 करोड़ रुपए के साथ ही ओला वृष्टि से पीड़ित किसानों को राहत देने के लिए 2,000 करोड़ रुपए की अतिरिक्त व्यवस्था का प्रावधान है। किसान दुर्घटना बीमा के लिए 85 करोड़ रुपए की अतिरिक्त राशि मांगी गई है। प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व के स्थलों के विकास के लिए 307 करोड़ रुपए की व्यवस्था की गई है जिसमें 30 करोड़ रुपए आगरा में ताजगंज क्षेत्र के सौंदर्यीकरण, 50 करोड़ मुगल संग्रहालय की स्थापना तथा 25 करोड़ रुपए ताज ओरिएनटेशन सेन्टर की स्थापना के लिए मांगे गए हैं। गोमती में क्रूज नौकाओं के संचालन के लिए 20 करोड़ की व्यवस्था की गई है। अनुपूरक बजट में पिछले दिनों अतिक्रमण हटाने के दौरान अतिक्रमणकारियों और पुलिस के बीच हुए हिंसक संघर्ष के लिए सुर्खियों में रहे मथुरा के जवाहरबाग के जीर्णोधार के लिए 15.9 करोड रुपए रखे गए हैं।

Latest India News