नई दिल्ली: चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने शनिवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के साथ 'आपसी महत्व के मुद्दों पर' चर्चा की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने ट्वीट कर कहा, "सुबह के वक्त पड़ोसी के साथ मुलाकात। चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।"
उन्होंने बाद में सुषमा स्वराज से मुलाकात की, जिसके बाद भारतीय व चीनी पक्षों के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तरीय वार्ता हुई। वांग ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की अक्टूबर में प्रस्तावित भारत यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था व अन्य इंतजामों का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को गोवा के मुख्यमंत्री लक्ष्मीकांत पारसेकर से भी मुलाकात की थी। शी अक्टूबर में ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत आ रहे हैं। इस दौरान वह गोवा में ठहरेंगे।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने ट्वीट कर कहा कि दोनों पक्षों के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ताएं हुईं। मोदी सरकार के मई 2014 में सत्ता में आने के बाद वांग भारत आने वाले पहले विदेश मंत्री हैं।
Latest India News