चित्तूर: आंध्रप्रदेश के चित्तूर जिले में आज दिनदहाड़े मेयर कटारी अनुराधा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अंधाधुंध गोलीबारी में अनुराधा के पति भी बुरी तरह घायल हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक मेयर पर हमला दो अज्ञात बदमाशों ने किया। हमले में घायल हुए अनुराधा के पति को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक जिस वक्त अनुराधा पर हमला हुआ उनके पति भी उनके साथ थे, जो कि हमले में बुरी तरह जख्मी हो गए। चित्तूर पुलिस फिलहाल हमलावरों की तलाश में जुटी है। बताया जाता है कि हमलावर बुर्के में नगर निगम के ऑफिस पहुंचे थे। नगर निगम के ऑफिस में घुसते ही बदमाशों ने अनुराधा और उनके पति पर अंधाधुंध गोलियां बरसाना शुरु कर दिया। शुरुआती जांच में पता चला है कि इस हत्या के पीछे बेंगलुरु के किसी सुपारी किलर का हाथ हो सकता है। जानकारी के मुताबिक हमलावर तीन से चार हथियारों से लैस थे और हमलावरों ने मेयर अनुराधा के पति पर तलवार से भी हमला किया था।
क्या हो सकती है हमले की वजह-
बताया जाता है कि अनुराधा और उनके पति तेलगू देशम पार्टी से जुड़े हुए हैं लिहाजा किसी पुरानी रंजिश के चलते इस घटना में किसी नेता का हाथ हो सकता है। बताया जाता है कि मेयर के पति ने पूर्व विधायक पर एक बार हमला भी किया था।
Latest India News