1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. छत्तीसगढ़: CISF के जवान ने पत्नी और बच्ची के साथ की आत्महत्या

छत्तीसगढ़: CISF के जवान ने पत्नी और बच्ची के साथ की आत्महत्या

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल CISF के जवान ने पत्नी और 8 माह की बच्ची के साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।

Representational image | Photo: PTI- India TV Hindi
Representational image | Photo: PTI

कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवान ने पत्नी और 8 माह की बच्ची के साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। जिले के पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि जिले के साथ ईस्टर्न कोल फिल्डस लिमिटेड कोरबा क्षेत्र के मानिकपुर परियोजना के CISF आवासीय परिसर के आवास में पश्चिम बंगाल के चौबीस परगना निवासी CISF जवान संजय कुमार मंडल (29), पत्नी रिंकी मंडल (25) और उनकी 8 माह की पुत्री का शव बरामद किया गया। 

देश-विदेश की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार दोपहर बाद CISF का एक जवान विभु, संजय के घर गया था। देर तक दरवाजा खटखटाने और कॉल बेल बजाने के बाद भी जब कोई बाहर नहीं निकला तब उसने पड़ोस के लोगों को जानकारी दी। शंका होने पर बालकनी में चढ़कर जवान ने खिड़की से झांककर देखा तब तीनों का शव फांसी पर लटका हुआ था। जवान और अन्य लोगों ने इसकी सूचना मानिकपुर पुलिस चौकी को दी। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं, जानकारी मिलने के बाद CISF के आला अधिकारी भी घटनास्थल पहुंच गए थे। 

CISF के अधिकारियों ने बताया कि कुछ दिनों पहले ड्यूटी के दौरान संजय के पर्स में 14 सौ रुपये मिले थे, जबकि नियमानुसार उसके पास 5 सौ रुपये से ज्यादा नहीं होना चाहिए था। इसके बाद 14 सौ रुपये को रिश्वत की राशि मानते हुए संजय के खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई थी। हालांकि विभागीय जांच से पता चला था कि वह पैसा संजय के किसी परिचित का है। जिले के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पहली नजर में यह सामूहिक आत्महत्या का मामला लग रहा है। जांच के बाद ही घटना के बारे में सही जानकारी मिल सकेगी। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Latest India News