मुजफ्फरनगर: यूपी के एक पुलिसवाले ने मोबाइल फोन गुम हो जाने की रिपोर्ट लिखाने आए पीड़ित से जूते पॉलिश कराए तो वहीं थाने में आई एक बुजुर्ग को दोबारा शादी करने की नसीहत दे दी। उस पुलिसवाले की शिकायत अब सीनियर अफसरों तक पहुंच चुकी है। उन्होंने जांच और कार्रवाई का भरोसा दिया है।
रिपोर्ट दर्ज कराने गया था, पुलिस ने कराया बूट पॉलिश
घटना मुजफ्फरनगर के थाना चरथावल की है। सिट्टू नाम के शख्स का शुक्रवार को मोबाइल खो गया था, जो रिपोर्ट दर्ज कराने चरथावल थाने पहुंचा। पुलिसवालों ने सिट्टू से पूछा कि वो क्या काम करता है तो उसने बताया रि वो जूते-चप्पल ठीक करके अपने परिवार को पालता है। वहां मौजूद पुलिसवालों ने जैसे ही ये सुना तो सिट्टू को जूते थमा दिए।
सिट्टू को ये काम उसकी रिपोर्ट दर्ज करने के एवज दिया गया था। चरथावल थाने के मुंशी रोहताश ने रिपोर्ट दर्ज करने से पहले सिट्टू से अपने जूत चमकवा लिए। पुलिसवालों की इस हरकत को वहीं मौजूद एक शख्स ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया और वीडियो मीडिया तक पहुंचा तो सीनियर अफसरों ने जांच और कार्रवाई का भरोसा दिया।
बुजुर्ग महिला को दी दूसरी शादी की नसीहत
पीड़ित से बूट पॉलिश कराने वाले रोहताश अपने एक और कारनामे के लिए भी चर्चा में हैं। चरथावल थाना क्षेत्र के कुटरेसा गांव की रहनेवाली शफरीन की उम्र करीब 75 साल है। पति की मौत के बाद शफरीन के बेटे और बहू उसकी देखरेख नहीं कर रहे हैं। शरीफन बुढ़ापे में गांव में भीख मांगकर अपना पेट भरती है। शुक्रवार को जब वह अपने बेटे और बहू की शिकायत करने थाने पहुंची तो थाने के मुंशी रोहताश ने बुजुर्ग महिला की रिपोर्ट लिखने के बजाए बेतुकी नसीहत दे डाली। रोहताश नाम के पुलिसवाले ने बुजुर्ग महिला से कहा कि वो थाने आने के बजाए दूसरी शादी कर ले।
Latest India News