1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ऋषि कपूर की टिप्पणी पर कांग्रेस का पलटवार

ऋषि कपूर की टिप्पणी पर कांग्रेस का पलटवार

हिन्दी सिने जगत के दिग्गज कलाकार ऋषि कपूर ने बुधवार को सवाल उठाया कि देश के कई प्रतिष्ठानों और सरकारी परियोजनाओं का नाम नेहरू-गांधी परिवार के नाम पर ही क्यों है। इस पर पलटवार करते हुए कांग्रेस ने कहा है कि कुछ लोग मौजूदा हुक्मरानों की नजदीकी हासिल..

Image Source : ptirishi kapoor

बॉलीवुड के 63 वर्षीय अभिनेता ने सवालिया लहजे में कहा कि अगर नई दिल्ली में सड़कों का नाम बदल सकता है, तो कांग्रेस संपत्तियों के नाम क्यों नहीं?

ऋषि ने मांग की, "फिल्म सिटी का नाम दिलीप कुमार, देव आनंद, अशोक कुमार या अमिताभ बच्चन के नाम पर होना चाहिए? राजीव गांधी उद्योग क्या होता है? सोचो दोस्तों!"

ऋषि कपूर की इन तीखी टिप्पणियों पर पलटवार करते हुए कांग्रेस के नेताओं ने उनकी आलोचना की।

कांग्रेस के प्रवक्ता मनीष तिवारी ने कहा कि अभिनेता के पास सार्वजनिक जीवन में निभाने के लिए कोई भी भूमिका नहीं है।

तिवारी ने दिल्ली में संवाददाताओं से कहा, "पिछली बार मैंने उन्हें फिल्म 'बॉबी' में बोलते सुना था। उन पर बयान दिया जाए, वह इस योग्य नहीं।"

मुंबई में कांग्रेस के नेता संजय निरुपम ने कहा कि ऋषि को इतिहास जानने की जरूरत है, क्योंकि वह राष्ट्र के निर्माण में गांधी परिवार के योगदान को समझने में नाकाम हुए हैं।

निरुपम ने कहा कि उन्होंने ऋषि को उन हवाईअड्डों की सूची भेजी है जो महाराणा प्रताप, शिवाजी महाराज और लाल बहादुर शास्त्री के नाम पर हैं।

निरुपम ने कहा, "कुछ लोग केवल सत्ता पाने के लिए अपना मुंह खोलते हैं, ऐसे लोगों की सोच काफी छोटी होती है।"

कांग्रेस प्रवक्ता पी. सी. चाको ने अभिनेता का नाम लिए बगैर मीडिया से कहा, "यह केवल कुछ लोगों की सत्तासीन लोगों को खुश करने की कोशिश है।"

उन्होंने कहा, "वे सत्तासीन लोगों को खुश करना चाहते हैं। वे ऐसा कर सकते हैं, लेकिन कांग्रेस की कीमत पर नहीं। हम इन बातों को गंभीरता से नहीं लेते और यह बिल्कुल भी चर्चा के लायक विषय नहीं है।"

अपने पिता और दिग्गज कलाकार राज कपूर के योगदान पर प्रकाश डालते हुए ऋषि ने लिखा, "राज कपूर ने कई वर्षो तक भारत को गौरवान्वित किया, यहां तक कि अपने निधन के बाद भी।"

ऋषि की टिप्पणियों का समर्थन करते हुए अभिनेता अनुपम खेर ने सिनेमा, क्रिकेट और कला सहित अन्य क्षेत्रों के दिग्गजों को पहचानने की महत्ता पर जोर दिया।

इसके साथ ही उन्होंने वर्तमान में नरेंद्र मोदी की सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी योजना किसी भी राजनेता के नाम पर नहीं है।

अनुपम ने कहा, "ऋषि बहुत स्पष्टवादी व्यक्ति हैं। जरूरी नहीं है कि उन्होंने सभी बातें सही कही हों, लेकिन हम इसके पीछे कारण क्यों ढूंढें और आनन-फानन में यह सोचकर इसकी महत्ता को कम क्यो करें कि यह एक राजनीतिक बयान है। यह कोई राजनीतिक बयान नहीं है।"

Latest India News