पेशावर: पाकिस्तान के आवास मंत्री अकरम खान दुर्रानी आज अशांत उत्तर पश्चिम क्षेत्र में एक देशी बम धमाके में बाल बाल बच गए, लेकिन दो अन्य व्यक्तियों की जान चली गयी। पुलिस ने बताया कि उत्तरी वजीरिस्तान एजेंसी के अशांत मिरान शाह से सटे बन्नू क्षेत्र के बाकाखेल में सड़क किनारे एक बम विस्फोट हुआ। इसमें स्वास्थ्य विभाग के दो अधिकारियों की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
एक पुलिस अधिकारी ने बातया कि मंत्री का काफिला बाकाखेल से लौट रहा था। विस्फोट में उनके काफिले का एक वाहन आ गया। पुलिस के अनुसार दुर्रानी को कोई चोट नहीं पहुंची क्योंकि उनका वाहन तबतक उस जगह से निकल चुका था। घायलों को अस्पताल ले जाया गया और उनकी हालत स्थिर है। पुलिस ने कहा कि रोड के किनारे जो बम रखा गया था, उसमें लगभग सात किलोग्राम विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया था, जिसे रिमोट कंट्रोल की सहायता से उड़ाया गया।
हमले की अभी तक किसी भी समूह ने जिम्मेदारी नहीं ली है। पुलिस ने इलाके को घेर लिया है और हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान शुरू किया है। पाकिस्तान के राष्ट्रपति ममनून हुसैन तथा प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने हमले की कड़ी निंदा की और पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने अधिकारियों को दोषियों को न्याय के कठघरे में लाने का निदेश दिया है।
Latest India News