मुंबई: मुंबई में कोरोना वायरस के पॉजिटिब मरीजों की कुल संख्या 150 के पार हो गई है। यहां कोरोना वायरस के मामलों की संख्या 151 तक पहुंच गई है। इसके अलावा पुणे में 48, सांगली में 25, मुंबई के अलावा कोंकण डिवीजन के बाकी शहरी महानगर पालिकाओं में 36, नागपुर में 16, अहमदनगर में 8, यवतमाल में 4, बुलढाना में 3, सातारा कोल्हापुर में 2, औरंगाबाद, गोंदिया, सिंधुदुर्ग, रत्नागिरी, जलगांव और नाशिक में 1-1 मामला सामने आया है।
बीएमसी ने प्रभावित इलाकों की जीआईएस मैपिंग शुरू की
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने शहर में कोरोना वायरस प्रभावित इलाकों की जीआईएस मैपिंग शुरू कर दी है और शहर में कोविड-19 के संक्रमण की निगरानी तथा उसे और फैलने से रोकने के लिए ‘वॉर रूम’ स्थापित किए हैं। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के आयुक्त प्रवीण परदेसी ने एक विज्ञप्ति में कहा कि जिन इलाकों में कोरोना वायरस के संक्रमण के मामले ज्यादा हैं उनके मानचित्र महानगरपालिका की वेबसाइट पर पोस्ट किेए जाएंगे ताकि लोगों को इसकी जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि मानचित्रों की मदद से इन इलाकों के निवासी सतर्क रह कर ज्यादा एहतियात बरत सकते हैं और किसी भी काम के लिए उन इलाकों में जा रहे लोग आसानी से बचाव के उपाय कर सकते हैं।
खाली इमारतें, मैरिज हॉल, खाली होटेल्स का क्वारंटाइन के लिए इस्तेमाल
वहीं कोरोना के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने निर्णय लिया है कि जरूरत पड़ने पर खाली इमारतें, मैरिज हॉल, खाली होटेल्स, लॉन्ज्स, खाली हॉस्टल्स, कॉलेज्स, धर्मशालाएं, जिम्स, क्लब्स और एक्सिबिशन सेंटर्स का पजेशन लेकर क्वारंटाइन के लिए उनका इस्तेमाल किया जाएगा। इन बिल्डिंग्स को इस्तेमाल करने बीएमसी इनके मालिकों को किराया भी देगी। इसके अलावा कोरंटाइन में रखे जाने वाले लोगों के खाने-पीने और बेसिक सुविधाओं की व्यवस्था भी बीएमसी ही करेगी।
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 300 के पार
वहीं, पूरे महाराष्ट्र की बात करें तो, महाराष्ट्र में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 300 के पार पहुंच गई है। मंगलवार की शाम तक राज्य में कोरोना वायरस के पॉजिटिव मामले 302 हो गए। इससे पहले सोमवार की शाम तक राज्य में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या 220 थी लेकिन करीब 24 घंटे बाद मंगलवार की शाम तक 82 नए मामलों के साथ यह संख्या 302 तक पहुंच गई। बता दे कि राज्य में अभी तक कोरोना के कारण 10 मौतें हुई हैं। मुंबई में आठ, पुणे और बुलढाणा में एक-एक मौत हुई है। (इनपुट-भाषा)
Latest India News