नई दिल्ली: देश में कोविड-19 के टीके की 98 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी है, जिनमें से 79 लाख से अधिक खुराक सोमवार को दी गई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी। मंत्रालय ने कहा कि सोमवार को शाम सात बजे तक 79,74,435 खुराक लगायी गयी। मंत्रालय ने कहा कि देश में अबतक कोविड-19 के टीके की 98.6 करोड़ खुराक दी जा चुकी है।
गौरतलब है कि देश में स्वास्थ्य कर्मियों (एचसीडब्ल्यू) को पहले चरण में टीका लगाने के साथ देशव्यापी टीकाकरण अभियान 16 जनवरी को शुरू किया गया था। कोविड-19 के खिलाफ अग्रिम मोर्चे पर तैनात कर्मियों का टीकाकरण 2 फरवरी से शुरू हुआ था।
कोविड-19 टीकाकरण का अगला चरण 1 मार्च से 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों और अन्य बीमारियों से पीड़ित 45 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों के लिए शुरू हुआ। देश ने 1 अप्रैल से 45 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों के लिए टीकाकरण शुरू किया।
सरकार ने उसके बाद 1 मई से 18 वर्ष से ऊपर के सभी लोगों को टीका लगाये जाने की अनुमति देकर अपने टीकाकरण अभियान का विस्तार करने का निर्णय लिया। अभी देशभर में 18 साल से ऊपर के सभी लोगों को कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए वैक्सीन लगाई जा रही है।
Latest India News