1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कोरोना वायरस की तीसरी लहर? लगभग 2 महीने बाद फिर से एक्टिव मामलों में बढ़ोतरी

कोरोना वायरस की तीसरी लहर? लगभग 2 महीने बाद फिर से एक्टिव मामलों में बढ़ोतरी

कोरोना वायरस की दूसरी लहर में 11 मई को पहली बार एक्टिव मामले घटना शुरू हुए थे, उसके बाद मामलों में लगातार गिरावट आ रही थी लेकिन अब फिर से एक्टिव केस बढ़े हैं।

<p>पिछले 24 घंटों के...- India TV Hindi
Image Source : PTI पिछले 24 घंटों के दौरान देश में कोरोना वायरस के एक्टिव मामलों में बढ़ोतरी हुई है

नई दिल्ली। कोरोना वायरस की दूसरी लहर का असर अभी पूरी तरह से खत्म भी नहीं हुआ है और तीसरी लहर को लेकर आशंका बढ़ गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में लगभग दो महीने के बाद ऐसा पहली बार हुआ है कि कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की संख्या नए मामलों के मुकाबले कम रही है। लगभग 2 महीने के बाद फिर से देश में कोरोना वायरस के एक्टिव मामले बढ़े हैं और कोरोना से होने वाली मौतों के आंकड़े में भी पिछले 24 घंटों के दौरान बढ़ोतरी देखने को मिली है।  

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के एक्टिव मामलों में 784 की बढ़ोतरी हुई है और अब देश में कोरोना के एक्टिव मामलों का आंकड़ा बढ़कर 4.60 लाख के ऊपर पहुंच गया है। कोरोना वायरस की दूसरी लहर में 11 मई को पहली बार एक्टिव मामले घटना शुरू हुए थे, उसके बाद मामलों में लगातार गिरावट आ रही थी लेकिन अब फिर से एक्टिव केस बढ़े हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के 45892 नए मामले सामने आए हैं जो बुधवार को आई रिपोर्ट के मुकाबले लगभग 5 प्रतिशत ज्यादा हैं। कोरोना मरीजों की पहचान के लिए पिछले 24 धंटों के दौरान देशभर में 18.93 लाख से ज्यादा लोगों के टेस्ट किए गए हैं यानि पिछले 24 घंटों में संक्रमण की दर 2.42 प्रतिशत रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस से 44291 लोग ठीक हुए हैं जो नए आए मामलों के मुकाबले कम संख्या है। 

पिछले 24 घंटों के दौरान देश में कोरोना वायरस के सिर्फ मामले ही नहीं बढ़े हैं बल्कि कोरोना से होने वाली मौतों के आंकड़े में भी बढ़ोतरी हुई है, स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार 24 धंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस की वजह से 817 लोगों की जान गई है और अबतक यह वायरस देश में 4.05 लाख से ज्यादा लोगों की मौत का कारण बन चुका है। अबतक देशभर में कोरोना वायरस के 3.07 करोड़ से ज्याद मामले सामने आए हैं और उनमें 2.98 करोड़ से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं और 4.05 लाख से ज्यादा का निधन हुआ है। 

देश में कोरोना के खिलाफ लड़ाई में हालांकि वैक्सीन के टीकाकरण को भी तेज गति से बढ़ाया जा रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में 33.81 लाख लोगों को वैक्सीन दी गई है और अबतक देश में 36.48 करोड़ लोगों को टीका लगाया जा चुका है जिनमें 29.59 करोड़ को पहली डोज मिली है और 6.89 करोड़ को दोनों डोज मिल चुकी है।

Latest India News