अहमदाबाद: गुजरात में शनिवार को कोविड-19 के 960 नए मामले सामने आए, जो राज्य में अब तक एक दिन में आये सर्वाधिक मामले हैं। इन नए मामलों के साथ राज्य में संक्रमण के कुल मामले 47,476 तक पहुंच गए। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी। विभाग ने कहा कि संक्रमण के कारण 19 और मरीजों की मौत होने से राज्य में मृतकों की संख्या 2,127 हो गई।
विभाग द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि दिन में 1,061 रोगियों को छुट्टी दे दी गई, जिसके बाद ठीक हुए लोगों की संख्या 34,005 हो गई है। उसमें कहा गया कि गुजरात में अब 11,344 मरीजों का उपचार चल रहा, जिसमें 75 रोगियों की हालत गंभीर है। उसमें कहा गया कि सूरत जिले में संक्रमण के सबसे अधिक 268 मामले सामने आए हैं, जिससे जिले में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 9,973 हो गई।
स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि अहमदाबाद जिले में कोविड-19 के 199 और मामले आने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 24,163 तक पहुंच गई। राज्य के अन्य जिलों में, वडोदरा में 78 नए मामले सामने आए। इसके बाद राजकोट में 57, जूनागढ़ में 40, भावनगर में 36, गांधीनगर में 28, मेहसाणा में 24, बनासकांठा में 21, वलसाड में 19, नवसारी में 17 मामले सामने आए हैं। सूरत में संक्रमण से 10 मौतें होने के अलावा, अहमदाबाद में चार मौतें हुईं जबकि कच्छ में दो मौतें हुई, वहीं बनासकांठा, नवसारी और राजकोट में एक-एक मौत हुई है।
सूरत में आज सबसे अधिक 337 मरीज बीमारी से ठीक हुए हैं, जबकि अहमदाबाद में 169 और राजकोट में 139 लोग ठीक हुए हैं। अहमदाबद में मृतकों की संख्या 1,541 पहुंच गई है, जबकि जिले में बीमारी से ठीक हुए लोगों की संख्या बढ़कर 18,841 हो गई है।
Latest India News