1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Coronavirus: केंद्र के राज्य सरकारों को दिशानिर्देश, कहा- राजकोषीय संसाधनों का करें इस्तेमाल

Coronavirus: केंद्र के राज्य सरकारों को दिशानिर्देश, कहा- राजकोषीय संसाधनों का करें इस्तेमाल

केंद्र सरकार ने कोरोना वायरस से पैदा हुई चुनौती से निपटने के लिए सभी राज्य सरकारों को कहा है कि वह अतिरिक्त चिकित्सा सुविधाओं जैसे अस्पतालों, क्लिनिकल लैब, आइसोलेशन वार्ड को तैयार करने और मौजूदा सुविधाओं का विस्तार करने तथा बेहतर बनाने ​के लिए राजकोषीय संसाधनों का इस्तेमाल करें।

पीएम मोदी- India TV Hindi
Image Source : PTI पीएम मोदी

नई दिल्ली: देश में कोरोना वायरस के पॉजिटिव मामलों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में इस वायरस के प्रसार को रोकने के लिए केंद्र और राज्य सरकार अपने-अपने स्तर पर कई कदम उठा रही हैं। केंद्र सरकार लगातार राज्य सरकारों को दिशा निर्देश दे रही है। केंद्र सरकार ने कोरोना वायरस से पैदा हुई चुनौती से निपटने के लिए सभी राज्य सरकारों को कहा है कि वह अतिरिक्त चिकित्सा सुविधाओं जैसे अस्पतालों, क्लिनिकल लैब, आइसोलेशन वार्ड को तैयार करने और मौजूदा सुविधाओं का विस्तार करने तथा बेहतर बनाने ​के लिए राजकोषीय संसाधनों का इस्तेमाल करें।

केंद्र सरकार ने कहा है कि वेंटिलेटर, पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट, मास्क, दवाइयां आदि की पूरी व्यवस्था होनी चाहिए। बता दें कि देशभर में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या बढ़कर 492 तक पहुंच गई है, इनमें 37 लोग ठीक हो चुके हैं, लेकिन 9 मामले ऐसे भी हैं जहां पर कोरोना वायरस से ग्रसित व्यक्ति की मृत्यु हुई है। कुल 492 मामलों में 451 भारतीय नागरिक हैं और 41 विदेशी नागरिक।

देशभर में कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा मामले केरल में देखने को मिले हैं जहां पर अबतक 95 लोगो कोरोना वायरस से ग्रसित पाए गए हैं, हालांकि इन मामलों में 4 केस ऐसे भी हैं जो ठीक हो चुके हैं। केरल के बाद महाराष्ट्र है जहां पर अबतक कुल 87 केस पॉजिटिव पाए गए हैं और 2 लोगों की मृत्यु भी हुई है। इनके अलावा कर्नाटक में 37, दिल्ली में 31, तेलंगाना में 32, राजस्थान में 33, गुजरात में 29 और हरियाणा में 28 मामले सामने आए हैं।

Latest India News