मुंबई: कोरोना वायरस पर अंकुश लगाने के लिए लोगों को घरों से निकलने से रोकने के प्रयास में महाराष्ट्र के एक गांव में एक अनोखी सजा तय की गई है। गांव में घर से निकलने वालों को गधे पर बिठाकर गांव भर में घुमाया जाएगा। बीड जिले के केज तहसील की टकली ग्राम पंचायत ने बुधवार को इस सजा की घोषणा की।
ग्राम पंचायत की अधिकारिक घोषणा के मुताबिक, “सरकारी आदेश का उल्लंघन करते हुए लोग घरों से ना निकलें इसके लिए यह उपाय किया गया है। पहली बार उल्लंघन करने वाले को 500 रुपये का जुर्माना देना होगा और तीसरी बार यह करने वाले को गधे पर बिठाकर घुमाया जाएगा।” आदेश में लोगों से घर पर रहकर सहयोग करने को भी कहा गया है।
आपको बता दें कि देश में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या लगातार बढ़ती ही जा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 386 मामले सामने आए हैं। अब देश में कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 1637 हो गई है। (इनपुट-भाषा)
Latest India News