1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Coronavirus: भोपाल में 24 मार्च रात 12 बजे तक लॉकडाउन, जिले की सीमाओं को सील किया गया

Coronavirus: भोपाल में 24 मार्च रात 12 बजे तक लॉकडाउन, जिले की सीमाओं को सील किया गया

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में रविवार को 26 वर्षीय एक छात्रा कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई है। यह भोपाल में कोविड—19 का पहला मामला है। इसी के साथ मध्यप्रदेश में इस वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या बढकर पांच हो गई है।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर

भोपाल: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में रविवार को 26 वर्षीय एक छात्रा कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई है। यह भोपाल में कोविड—19 का पहला मामला है। इसी के साथ मध्यप्रदेश में इस वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या बढकर पांच हो गई है।

 

मध्य प्रदेश में शुक्रवार को कोरोना वायरस का पहला मामला आया। इस दिन चार लोग जबलपुर शहर में कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए। इनमें दुबई से लौटे एक परिवार के तीन सदस्य और जर्मनी से वापस आया एक व्यक्ति शामिल है। संक्रमण के मद्देनजर मध्यप्रदेश सरकार ने एहतियात तौर पर भोपाल एवं जबलपुर सहित आठ जिलों को लॉकडाउन कर दिया है। इनके दोनों जिलों के अलावा, छह अन्य जिलों सिवनी, बालाघाट, बैतूल, ग्वालियर, छिन्दवाड़ा और नरसिंहपुर को भी शनिवार से लॉकडाउन किया गया है।

 

इन आठ जिलों में से नरसिंहपुर में 14 दिनों तक बंद रहेगा, जबकि भोपाल में तीन दिन यानी 72 घंटे का लॉकडाउन किया गया है। बाकी सात जिलों को दो या तीन दिनों तक बंद किया जाएगा। भोपाल के कलेक्टर तरूण कुमार पिथोडे ने बताया, ''भोपाल में रविवार को एक लड़की कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई । वह तीन दिन पहले लंदन से भोपाल लौटी थी। वह लंदन में लॉ में स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रही है और 17 मार्च को लंदन से दिल्ली पहुंची। उसके बाद 18 मार्च को वह भोपाल आई।''

 

उन्होंने कहा कि इस लड़की के नमूने कल जांच के लिए भेजे गए थे और जांच में उसके संक्रमित होने का पता चला है। उन्होंने कहा कि इस लड़की को शहर के एक अस्पताल में पृथक वार्ड में रखा गया है। पिथोडे ने बताया कि इस महिला के घर एवं आसपास के इलाके को भी सैनिटाइज कर दिया गया है। इस लड़की के मातापिता को भी पृथक रहने को कहा गया है। उन्होंने कहा ‘‘स्थिति को देखते हुए भोपाल जिले में तत्काल प्रभाव से लॉकडाउन घोषित कर दिया गया है। यह लॉकडाउन 24 मार्च की रात्रि 12 बजे तक रहेगा। इसमें किसी भी व्यक्ति को अपने घर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी।

जिले की सभी सीमाएं सील की गई हैं। किसी भी माध्यम सड़क एवं रेल से जिले की सीमाओं में बाहरी लोगों का आवागमन प्रतिबंधित किया गया है।’’ इससे पहले मध्यप्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री तरुण भनोत ने 'भाषा' को बताया कि प्रदेश के चार सात जिलों जबलपुर, सिवनी, बालाघाट, बैतूल, ग्वालियर, छिन्दवाड़ा और नरसिंहपुर को शनिवार से लॉकडाउन किया गया है। उन्होंने कहा कि इन सात जिलों में नरसिंहपुर में 14 दिनों तक बंद रहेगा, जबकि बाकी छह जिलों को दो या तीन दिनों तक बंद किया जाएगा।

भनोत ने बताया कि इन चारों लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज कराया जा रहा है। इन सभी की हालत स्थिर है। उन्होंने कहा कि हम पूरे मध्यप्रदेश में कड़ी नजर रख रहे हैं । मध्यप्रदेश में कोरोना वायरस से बचाव के उपायों के तहत स्कूल, कालेज, सिनेमा हॉल, संग्रहालयों, नेशनल पार्क, टाइगर रिजर्व और मॉल को पहले ही बंद कर दिया गया है। वहीं मध्यप्रदेश से महाराष्ट्र व राजस्थान के बीच बस सेवा को भी 31 मार्च तक स्थगित कर दिया गया है।  

Latest India News